सहरसा . जिला जनसंपर्क कार्यालय में एलपीजी गैस आपूर्ति के वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति को लेकर मंगलवार को जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार ने विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति व वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गयी. भारत गैस व एचपी गैस के विभिन्न वितरकों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में गैस की उपलब्धता संतोषजनक है व आपूर्ति श्रृंखला को व सुदृढ़ करने के निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जिले में वर्तमान में प्रमुख वितरकों के पास कुल 8209 भरे हुए सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध है. इसमें एचपी गैस के पास 5367 एवं भारत गैस के पास 2842 सिलिंडर स्टॉक में हैं. बीते 24 घंटों में जिले भर में कुल 2936 नये सिलिंडरों की बुकिंग दर्ज की गयी. जिसके विरुद्ध 1240 सिलिंडरों की सफल होम डिलीवरी की गयी. आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए 4580 नये सिलिंंडरोंं की खेप प्रक्रिया में है. जो जल्द ही विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों तक पहुंच जायेगी. वर्तमान में कुल लंबित बुकिंग की संख्या 9702 है. जिला प्रशासन ने सभी गैस वितरकों को निर्देश दिया है कि वे बैकलॉग डेज को कम करें एवं उपभोक्ताओं तक समय सीमा के अंदर सिलिंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिन वितरकों का बैकलॉग औसत से अधिक है वे अपनी वितरण प्रणाली में तेजी लायें. किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि उपभोक्ता गैस की कमी को लेकर किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं दें. जिला प्रशासन नियमित रूप से स्टॉक की निगरानी कर रहा है. किसी उपभोक्ता को वितरण में समस्या आ रही है तो वे संबंधित एजेंसी या जिला आपूर्ति कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं : डीएम
किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं : डीएम
