दिनदहाड़े सीओ के सरकारी आवास में चोरी का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घर के अंदर मौजूद सीओ शुभम वर्मा की पत्नी को देख हुआ फरार

एक सप्ताह के अंदर दूसरी बड़ी घटना

सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त करने का किया प्रयास

सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर है. स्थिति यह है कि अब चोर रात का इंतजार भी नहीं कर रहे, बल्कि दिनदहाड़े ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं. ताजा मामला गुरुवार दोपहर का है, जब प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित अंचल अधिकारी शुभम वर्मा के सरकारी आवास को चोरों ने निशाना बनाया. मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाद एक चोर दीवार फांदकर सीओ के सरकारी आवास में दाखिल हो गया और चोरी की घटना को अंजाम देने का प्रयास करने लगा. इसी दौरान घर के अंदर मौजूद शुभम वर्मा की पत्नी की नजर उस पर पड़ गयी. इसके बाद पकड़े जाने के डर से चोर मौके का फायदा उठाकर तुरंत फरार हो गया. पूरी वारदात आवास परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. इतना ही नहीं चोर ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया, हालांकि वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका. इस संबंध में सीओ शुभम वर्मा ने बख्तियारपुर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज करायी है. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गयी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.

एक सप्ताह में दूसरी घटना

उल्लेखनीय है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. महज एक सप्ताह के अंदर यह दूसरी वारदात है, जब अधिकारियों व कर्मियों के आवास को चोरों ने निशाना बनाया है. इससे पहले शुक्रवार को दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने एसडीएम आलोक राय के आवास के समीप स्थित प्रखंड कार्यालय में कार्यरत लेखा सहायक के सरकारी आवास में चोरी की घटना को अंजाम दिया था. उस मामले में भी पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है और जांच जारी है. इसी बीच गुरुवार को फिर से सीओ के आवास में चोरी के प्रयास ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अधिकारियों व कर्मचारियों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके. वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >