सहरसा : नगर क्षेत्र के गंगजला इस्लामिया चौक निवासी दून पब्लिक स्कूल के निदेशक शशि कुमार सिंह एवं बबीना सिंह के पुत्र अनिकेत कुमार ने खेल के क्षेत्र में सहरसा सहित पूरे कोसी क्षेत्र का नाम रोशन किया है. बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में शुरू हुए खेल प्रशिक्षण में स्नातकोत्तर डिप्लोमा के क्रिकेट प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के प्रथम सत्र में अनिकेत ने पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है.
फ्रेंड्स क्रिकेट अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त अनिकेत बिहार राज्य अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वर्तमान में वह फ्रेंड्स इलेवन क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी हैं. उनकी उपलब्धि को जिला क्रिकेट संघ ने सहरसा ही नहीं, बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है.
बिहार क्रिकेट लीग में भी कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
अनिकेत बिहार क्रिकेट संघ की ओर से ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित बिहार क्रिकेट लीग में गया ग्लेडिएटर्स टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इसके अलावा बिहार क्रिकेट संघ की घरेलू प्रतियोगिताओं के लिए जिला क्रिकेट संघ की ओर से चयनित सहरसा जिला क्रिकेट टीम में वरिष्ठ और अंडर-23 वर्ग में भी वह लगातार बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं.
खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन के साथ क्रिकेट प्रशिक्षण में विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना अनिकेत की प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है. उनकी सफलता से जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है.
जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई
अनिकेत की उपलब्धि पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष आशीष कुमार कात्यायन, सचिव विश्वजीत बनर्जी, संयुक्त सचिव आशुतोष आनंद, कोषाध्यक्ष असफहान खान, पूर्व अध्यक्ष ब्रह्मदेव कामत, पूर्व उपाध्यक्ष मसूद आलम, पूर्व सचिव बादल कुमार, पूर्व संयुक्त सचिव गुलनियाज रब्बानी, खिलाड़ी प्रतिनिधि नसीम आलम, प्रभात सिंह, नित्यानंद ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया. सभी ने अनिकेत कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी.
