भोजपुर विधायक ने नहीं दिये75 रुपये
सहरसा नगर : निर्वाचित जनप्रतिनिधि हो या प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, जिला मुख्यालय में सरकार द्वारा उनके आवास व भोजन की व्यवस्था के लिए परिसदन की व्यवस्था की गयी है. जहां पहुंचने वाले अतिथियों का स्वागत तैनात कर्मचारी करते हैं. हालांकि इसके एवज में ठहरने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा तय की गयी अनुदानित राशि का भुगतान करना पड़ता है. इसके बावजूद ठहरने वाले अतिथि अपना रौब झाड़ कर बगैर भुगतान किये चले जाते हैं.
विधानसभा चुनाव के दौरान परिसदन में ठहरे पर्यवेक्षकों द्वारा कराये गये कपड़ों की धुलाई का बिल अब भी लंबित है. फिलवक्त ताजातरीन वाक्या बताते कर्मियों ने बताया कि 24 फरवरी को भोजपुर जिला के संदेश विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे विधायक अरुण कुमार सदलबल परिसदन पहुंचे थे. जहां उन्हें जिला प्रशासन के निर्देश पर ठहरने के लिए एक कमरा मुहैया कराया गया था. इसके अलावा अंगरक्षक के लिए भी गार्ड रुम में व्यवस्था की गयी थी. जानकारी के अनुसार विधायक जी किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने आये थे.
कहा, सरकारी भवन में नहीं करते भुगतान : 25 फरवरी को परिसदन से विदा लेते वक्त विधायक जी को परिसदन के सुपरवाइजर द्वारा बिल भुगतान करने का आग्रह किया गया तो श्रीमान आग बबूला हो गये. कर्मियों ने बताया कि उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि हम विधायक हैं, सरकारी भवन में ठहरने का भुगतान नहीं करते हैं. ज्ञात हो कि सरकारी काम से ठहरने वाले जनप्रतिनिधि व लोक सेवकों को 75 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान करना होता है.
जबकि निजी कार्य से पहुंचने पर इन लोगों को प्रतिदिन 150 रुपये की दर से कक्ष का शुल्क भरना होता है. इसके अलावा खाना-चाय व नाश्ते का बिल भी देना पड़ता है. परिसदन में उपलब्ध ग्राहकों के खाते में विधायक अरुण कुमार पर 75 रुपया बाकी है. हालांकि जिला प्रशासन द्वारा इस बाबत विधायक को पत्र भी भेजा जा चुका है.
अनुदानित दर पर थ्री स्टार की सुविधा: परिसदन को सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य सरकार प्रत्येक महीना लाखों रुपये खर्च करती है. जिसमें आउटसोर्सिंग कंपनी समस्तीपुर के तेरशाह सेवा संस्थान को भी तकरीबन 84 हजार रुपये का मासिक भुगतान करती है.
बेहतरीन साज-सज्जा वाले पूर्णत: वातानुकूलित छह कमरे हैं. अतिथि की सेवा के लिए 11 स्टाफ भी कार्यरत हैं. जो आर्डर के अनुसार भोजन तैयार करते हैं. जहां सादा खाना के लिए 60 व नॉनवेज के लिए महज अस्सी रुपये का भुगतान प्रति व्यक्ति की दर से करना होता है.
नहीं उठाया विधायक ने फोन
इस पूरे मामले को लेकर भोजपुर जिला के संदेश विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरुण कुमार से उनके मोबाइल नंबर 7277777707 व 9431027266 पर संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन घंटी बजती रही पर किसी ने फोन नहीं उठाया.
