पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की लगायी गुहार
सहरसा. जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के खमहौती गांव निवासी मो मोख्तार खां ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकाले जाने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. दिए गये आवेदन में पीड़ित ने बताया है कि वह भारतीय स्टेट बैंक की सिमरी बख्तियारपुर शाखा के खाताधारी हैं. बीते 30 मई को वह रुपये निकासी के लिए सिमरी बख्तियारपुर के ब्लॉक चौक स्थित एक एटीएम केंद्र पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक से आये दो युवकों ने बातचीत के बहाने उनका ध्यान भटकाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया.पीड़ित के अनुसार, युवकों ने उन्हें बताया कि उनका कार्ड कैंसिल नहीं हुआ है और दोबारा मशीन में डालकर प्रक्रिया पूरी करने को कहा. इसी बीच दोनों युवक उनका कार्ड लेकर फरार हो गये. बाद में मोबाइल से खाते का बैलेंस जांचने पर उन्हें खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी मिली. बैंक शाखा से ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 30 एवं 31 मई को उनके खाते से कुल 69 हजार 604 रुपये की निकासी कर ली गयी है. उन्होंने बताया कि निकासी सहरसा के चांदनी चौक स्थित एटीएम से की गयी है. पीड़ित ने थाना पुलिस से एटीएम केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपितों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन के आधार पर सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
