कहरा : शनिवार को बनगांव स्थित संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं कुटी परिसर में लोक देवता संत परमहंस लक्ष्मीनाथ गोसाईं का 44 वां स्मृति पर्व समारोह का आयोजन किया गया. समारोह का उद्घाटन पूर्व विधायक डॉ आलोक रंजन व संजीव झा ने संयुक्त रूप से संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया. इस मौके पर विधायकद्वय ने आगंतुक अतिथियों स कहा कि आज के भौतिकवादी समाज को संत लक्ष्मीनाथ के जीवनी से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सार्थक करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि संत लक्ष्मीनाथ अपने कर्म, चरित्र को लेकर समाज में लोक देवता के रूप में स्थापित हुए. वहीं समाज के लोगों ने इस पर्व को बड़े रूप में मनाने की इच्छा जताते लोगों को समाज हित व संत लक्ष्मीनाथ के जीवन से प्रेरणा लेकर इस पर्व को वृहद रूप देने की बात कही.
जिससे इनकी कृति समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके एवं समाज को एक सूत्र में बांध सदाचार की भावना जागृत कर सके. इसके पूर्व स्मृति पर्व समारोह समिति द्वारा आगंतुक अतिथियों को पाग, चादर से सम्मानित किया गया. मंगलाचरण पाठ से इस पर्व समारोह की शुरुआत की गयी.
महावीर झा की अध्यक्षता में हुए इस समारोह में अरुण खां, मुखिया धनंजय झा, शंकर झा, मिहिर कुमार झा, निर्मल झा, जयराम खां, संजय झा सुमन समाज सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे. फोटो-लक्ष्मीनाथ 15- स्मृति पर्व समारोह का उद्घाटन करते पूर्व विधायकद्वय
