अगले वर्ष अप्रैल तक सहरसा से सरायगढ़ तक होगा सीधा रेल परिचालन : डीआरएम
सहरसा : कई सालों से अमान परिवर्तन को लेकर ठप सहरसा-सुपौल रेलखंड पर इसी साल के सितंबर से सहरसा व बरूआरी के बीच ट्रेन परिचालन का लक्ष्य निर्धारित है. बरूआरी से आगे सरायगढ़ तक अगले साल के मार्च या अप्रैल तक सहरसा से सीधी रेल परिचालन को शुरू कर दिया जायेगा. यह बात गुरुवार को […]
सहरसा : कई सालों से अमान परिवर्तन को लेकर ठप सहरसा-सुपौल रेलखंड पर इसी साल के सितंबर से सहरसा व बरूआरी के बीच ट्रेन परिचालन का लक्ष्य निर्धारित है. बरूआरी से आगे सरायगढ़ तक अगले साल के मार्च या अप्रैल तक सहरसा से सीधी रेल परिचालन को शुरू कर दिया जायेगा. यह बात गुरुवार को सहरसा स्टेशन के निरीक्षण को पहुंचे समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आर के गुप्ता ने मीडिया के लोगों से वार्ता के दौरान कही.
डीआरएम ने कहा कि केबुल की कमी के कारण सहरसा-बरूआरी के बीच ट्रेन के परिचालन में दिक्कत आ रही है. उम्मीद है कि जल्द केबुल का काम पूरा कर लिया जायेगा व उसके बाद ठप सहरसा-सुपौल रेलखंड पर बरूआरी तक सवारी गाड़ी की सेवा बहाल कर दी जायेगी. बरूआरी तक ट्रेन दौड़ाने के बाद सरायगढ़ तक अगले वित्तीय वर्ष के अप्रैल तक ट्रेन परिचालन के विस्तार की योजना शामिल है.
टू व्हीलर पार्किंग में फ्री बोर्ड लगाने का दिया निर्देश : गुरुवार को डीआरएम के साथ निरीक्षण को सहरसा पहुंचे एडीआरएम राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि टू व्हीलर पार्किंग में फ्री बोर्ड लगाया जाये. कहा कि जबतक टू व्हीलर पार्किंग के टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती है, तब तक किसी भी यात्री से पार्किंग के नाम पर कोई अवैध वसूली नहीं की जाये. एडीआरएम ने पार्किंग के नाम पर किसी भी तरह के अवैध वसूली करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया है. कहा कि दस दिन में टू व्हीलर पार्किंग के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी.