एसडीपीओ व डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कई महिला व युवतियों को लिया गया हिरासत में, पीआर बांड पर मुक्त
सहरसा : पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी रश्मि व सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में सदर थानाध्यक्ष राकेश सिंह, महिला थानाध्यक्ष आरती सिंह, एससीएसटी थानाध्यक्ष रामइकबाल पासवान सहित पुलिस लाइन के दर्जनों अधिकारी व दर्जनों जवानों ने देर शाम शहर के दक्षिणी भाग सहरसा–सिमरी बख्तियारपुर मुख्य मार्ग स्थित परिवर्तन नगर में अनैतिक देह व्यापार की मंडी में छापेमारी की. हालांकि छापेमारी की भनक पूर्व में ही लग जाने के कारण पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी. पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही घर खाली हो गया था. पुलिस ने पांच महिलाओं व युवतियों को हिरासत में लेकर थाना लाया. जहां वरीय अधिकारियों ने पूछताछ के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया. मालूम हो कि इस जगह पर सुबह से लेकर शाम तक देह व्यापार की मंडी सजती है.
पहले भी कई मामले आ चुके हैं सामने
देह व्यापार की मंडी से कई युवतियां मौका देख कर पुलिस के पास पहुंची हैं. जिसे लेकर मामला भी दर्ज किया गया है. पुलिस मामला सामने आने के बाद कांड दर्ज कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेती है. इस कारण कई युवतियां जबर्दस्ती भी इस दलदल में फंसी हुई हैं. सूत्रों के अनुसार, बुधवार की शाम भी छापेमारी की भनक पूर्व में लग जाने के कारण बाहर की महिलाएं व युवतियों को बाहर सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया था. घरों में सिर्फ उस मकान से जुड़े लोग ही नजर आये. इस कारण पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली. हालांकि इतनी गोपनीय छापेमारी की जानकारी पूर्व में बाहर कैसे निकली. यह तो वरीय अधिकारियों के लिए जांच का विषय है.
सड़क से गुजरना होता है मुश्किल: छापेमारी की जानकारी लोगों को मिलते ही लोगों ने कार्रवाई की प्रशंसा करते कहा कि इस तरह की कार्रवाई लगातार होनी चाहिए. परिवार के साथ इस सड़क से होकर गुजरना मुश्किल हो जाता है. लोगों ने पुलिस अधीक्षक से लगातार औचक छापेमारी करने की मांग की. ताकि इस दलदल में फंसी युवतियों को बाहर लाकर उसे सरकार के स्तर से पुनर्वासित किया जा सके.
