बचे भोजन फेंकें नहीं, सौंप दें रोटी बैंक को
सहरसा : इंसानियत का फर्ज निभायेंगे, भूखे को रोटी खिलायेंगे की सोच के साथ महानगर की तर्ज पर सहरसा में भी राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय व एमएलटी कॉलेज के कुछ छात्रों ने शहर में रोटी बैंक की स्थापना की है.
इस बैंक में आपका कमाया धन यानी पैसा तो जमा नहीं होगा, लेकिन इस सबसे ऊपर आपको कई लोगों की दुआएं मिलेंगी. इस बैंक का उद्देश्य भूखे को भोजन देना है. यदि आपके घर कोई पार्टी या समारोह है और अतिथियों के लिए बनाया गया भोजन बच गया है तो चिंतित होने की कोई बात नहीं है.
आप उस बचे हुए भोजन को रोटी बैंक के सुपुर्द कर दें. ताकि कुछ भूखे को भोजन मिल सके. संस्थापक आर एम कॉलेज के स्नातक के छात्र सोनबरसा प्रखंड के विराटपुर निवासी अभिजीत आनंद ने बताया कि अक्सर किसी पार्टी व फंक्शन के बाद बहुतायत मात्रा में खाद्य पदार्थों को फेंकते देखता था. वहीं कई लोगों को उस अन्न के लिए तड़पते देखता था. जिसके बाद अन्न को फेंकने के बदले भूखे को उपलब्ध करने के लिए सोची. लेकिन अकेले यह संभव नहीं था.
दोस्तों ने दिया साथ
अपनी सोच को कुछ दोस्तों के बीच शेयर किया था. बात सुनते ही आर एम कॉलेज के बीसीए के छात्र विवेक सिंह, एमएलटी कॉलेज के बीसीए छात्र सोनू गुप्ता व मनोज केशरी ने साथ देने का वादा किया, जिसके बाद बीते 14 फरवरी से रोटी बैंक की शुरुआत की. संस्थापक ने बताया कि समारोह में बचे भोजन को आयोजन करने वाले स्वयं या बैंक के सदस्यों के माध्यम से भूखे को उपलब्ध करायेंगे तो कोई भूख से नहीं मरेगा.
