जानकी एक्सप्रेस से हुई बरामदगी
सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर की कार्रवाई
सहरसा : आरपीएफ कमांडेंट विजय प्रकाश पंडित द्वारा अपराध पर रोक लगाने व शराबबंदी कानून के पालन के लिए गठित टास्क टीम ने शुक्रवार को सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर जानकी एक्सप्रेस में 97 बोतल शराब के साथ मधेपुरा जिले के गम्हरिया निवासी बांके यादव को गिरफ्तार किया. जानकारी देते टीम में शामिल एसआइ चंदन कुमार सिंह व स्थानीय आरपीएफ के उप निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर गिरफ्तार युवक झोला व बैग लेकर उतर रहा था.
अचानक शीशे के टकराने की आवाज सुन जब तलाशी ली गयी, तो ऑफिसर च्वाइस व रॉयल ग्रीन ब्रांड के 180 एमएल के 48, 375 एमएल के 48 व 750 एमएल का एक बोतल शराब बरामद किया गया. जिसे टीम अपने साथ सहरसा जंक्शन लाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आनंद बिहार से शराब लेकर आ रहा था. पुलिस के डर से सहरसा के बजाय सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर ही उतरने लगा. उपनिरीक्षक ने बताया कि युवक ने पूछताछ में कई जानकारी दी है.
मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. टीम में एएसआइ शैलेंद्र कुमार सिंह, आरक्षी बिंद्रेश कुमार, शर्मानंद कुमार, उमेश कुमार शामिल थे. टीम ने चार अवैध वेंडर व एक को न्यूशेंस के आरोप में पकड़ कर आरपीएफ पोस्ट को सुपुर्द किया. जिसे न्यायिक हिरासत में खगड़िया भेजा गया है.
