रायपुरा पंचायत में डीएम ने किया रबी गेहूं फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण कृषि अधिकारियों की टीम रही मौजूद सिमरी बख्तियारपुर . जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने शनिवार को सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रायपुरा पंचायत में रबी गेहूं फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया. यह प्रयोग कृषि सलाहकार रामजीवन कुमार की देखरेख में संपादित किया जा रहा था, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में गेहूं की औसत उपज का वैज्ञानिक तरीके से आकलन करना है. निरीक्षण के दौरान रायपुरा राजस्व ग्राम के थाना संख्या 68, खेसरा संख्या 1521 में वैज्ञानिक पद्धति से 10 गुणा 5 मीटर यानी 50 वर्गमीटर क्षेत्र में फसल कटनी प्रयोग किया गया. कटनी के बाद इस प्लॉट से कुल 7 किलो 430 ग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई. मौके पर अधिकारियों ने बताया कि फसल कटनी प्रयोग एक वैज्ञानिक पद्धति है, जिसके माध्यम से किसी क्षेत्र में फसल की वास्तविक औसत उपज का सटीक अनुमान लगाया जाता है. यह प्रक्रिया विशेष रूप से फसल बीमा, कृषि ऋण एवं प्राकृतिक आपदा की स्थिति में क्षतिपूर्ति निर्धारण के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. इसके तहत रैंडम विधि से चयनित 50 वर्गमीटर के प्लॉट से फसल की कटाई कर उपज का आकलन किया जाता है. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसल कटनी प्रयोग पूरी पारदर्शिता और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके. इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय, वरीय उप समाहर्ता राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.
वैज्ञानिक पद्धति से 50 वर्गमीटर प्लॉट से 7 किलो 430 ग्राम उपज प्राप्त
वैज्ञानिक पद्धति से 50 वर्गमीटर प्लॉट से 7 किलो 430 ग्राम उपज प्राप्त
