घरेलू गैस वितरण में शत प्रतिशत डीएसी अनिवार्य

घरेलू गैस वितरण में शत प्रतिशत डीएसी अनिवार्य

पांच किलो का छोटा सिलिंडर बिना किसी प्रशासनिक अनुशंसा के सीधे एजेंसी से किया जा सकता है प्राप्त सहरसा . दैनिक मीडिया ब्रीफिंग में एलपीजी गैस वितरण की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति, अनियमितता, निर्देशों के उल्लंघन को लेकर शनिवार को जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार ने की जा रही कार्रवाई के संबंध में अवगत कराया. उन्होंने कहा कि घरेलू गैस वितरण में शत प्रतिशत डीएसी अनिवार्य कर दिया गया है. जिसके अनुसार बिना वैध बुकिंग एवं घरेलू एलपीजी कनेक्शन के किसी भी व्यक्ति को सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया जायेगा. गैस वितरक केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलिंडर देंगे, जिनके पास पुख्ता बुकिंग आईडी एवं कनेक्शन होगा. उन्होंने कहा कि इसको लेकर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक, स्थानीय गैस एजेंसी प्रबंधक एवं संबंधित गैस एजेंसियों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के क्षेत्र प्रबंधक ने कहा कि सरकार की नीति के तहत अब शत प्रतिशत डीएसी प्रणाली लागू कर दी गयी है. बिना वैध बुकिंग एवं घरेलू एलपीजी कनेक्शन के किसी भी व्यक्ति को सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया जायेगा. गैस वितरक केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलिंडर देंगे जिनके पास पुख्ता बुकिंग आईडी एवं कनेक्शन होगा. उन्होंने कहा कि आम जनसाधारण की सुविधा एवं विशेष अवसरों शादी विवाह या सार्वजनिक समारोह के लिए व्यावसायिक गैस की उपलब्धता के लिए दो श्रेणियां निर्धारित की गयी हैं. व्यावसायिक श्रेणी के पांच किलो का छोटा सिलिंडर बिना किसी प्रशासनिक अनुशंसा के सीधे एजेंसी से प्राप्त की जा सकती है. शादी-विवाह या अन्य समारोहों के लिए 19 किलो के सिलिंडर की आवश्यकता होने पर संबंधित व्यक्ति या कैटरिंग वेंडर को सर्वप्रथम अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष आवेदन देना होगा. अनुमंडल पदाधिकारी की लिखित अनुशंसा के बाद ही संबंधित गैस एजेंसी द्वारा यह सिलिंडर उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि तीनों कंपनियों की समीक्षा में पाया गया कि जिले में मांग के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने का प्रयास जारी है. इंडेन का कुल लंबित बुकिंग 7421 है. जिसे औसतन 3.21 दिनों में क्लियर करने का लक्ष्य है. एचपी गैस का कुल लंबित बुकिंग 6034 है. जिसे औसतन 3.96 दिनों में पूरा किया जा रहा है. भारत गैस का लंबित बुकिंग की संख्या 2,659 है. इसको लेकर जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी गैस बुकिंग समय पर करें एवं वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डिजिटल माध्यमों व डीएपी प्रणाली का सहयोग करें. किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >