कागजी खानापूर्ति के बाद युवक को मुंबई ले गयी पुलिस
सहरसा : स्थानीय संत नगर से धोखाधड़ी के आरोप में नवी मुंबई महाराष्ट्र से आयी पुलिस टीम ने मनीष कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार मनीष कुमार को मुंबई पुलिस टीम द्वारा सदर थाना लाया गया. जहां कागजी खानापूर्ति के बाद मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. सदर अस्पताल में जांच कराने के बाद पुलिस टीम ने अभियुक्त को सीजीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया. यहां से पुलिस उसे अपने साथ मुंबई ले गयी. मिली जानकारी अनुसार अभियुक्त मनीष कुमार नवी मुंबई में कुछ अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर गैरकानूनी ढंग से लोगों को खाड़ी देश भेजने का काम करता था. साथ ही लोगों को खाड़ी देश भेजने के नाम पर ठगी करता था. विभिन्न धाराओं के तहत उसे गिरफ्तार कर नवी मुंबई पुलिस अपने साथ ले गयी है.
