अनुसंधान करने के बजाय टाइप करते हैं अधिकारी

सहरसा : एक तरफ आम लोग पुलिस से न्याय की उम्मीद लगाये बैठे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस मैन पावर की समस्या से जूझ रही है. इस कारण चाह कर भी लोगों को जल्द न्याय दे पाना मुश्किल है. वहीं पुलिस की इस समस्या से अनजान आम लोग न्याय मिलने में देरी पर कभी अपने […]

सहरसा : एक तरफ आम लोग पुलिस से न्याय की उम्मीद लगाये बैठे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस मैन पावर की समस्या से जूझ रही है. इस कारण चाह कर भी लोगों को जल्द न्याय दे पाना मुश्किल है. वहीं पुलिस की इस समस्या से अनजान आम लोग न्याय मिलने में देरी पर कभी अपने आक्रोश दिखाने से तो कभी आरोप लगाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं.

जिले में अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है. जानकारी के अनुसार, सरकार ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अनुमंडल स्तर पर एक थाना को पूरी तरह अपग्रेड कर पुलिस निरीक्षक को थानाध्यक्ष के रूप में पदस्थापित करने का निर्देश दिया गया था. इसके अनुरूप सब इंस्पेक्टर की जगह इंस्पेक्टर को पदस्थापित कर साधारण मामलों की पर्यवेक्षण की भी जिम्मेवारी दी गयी. लेकिन संसाधन व कर्मियों की कमी के कारण सरकार का संकल्प व लोगों को न्याय पाने में देर हो रही है.

सदर थाना में नहीं हैं टाइपिस्ट : जिले का आदर्श थाना सदर थाना में थानाध्यक्ष के रूप में पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पदस्थापित है. उन्हीं के जिम्मे सदर थाना व सहायक थाना के रूप में सोनवर्षा कचहरी के साधारण मामलों का पर्यवेक्षण करना है. लेकिन कई माह से टाइपिस्ट तक नहीं है. ऐसे में थानाध्यक्ष के साथ पर्यवेक्षीय पदाधिकारी के कर्तव्य निर्वहन में परेशानी होती है. किसी भी थाना के थानाध्यक्ष पर कई तरह के कार्य का दबाव रहता है. बावजूद वह समय निकाल कर किसी मामले का पर्यवेक्षण कर भी लेते हैं तो टाइपिस्ट के अभाव में मामला फाइल में ही रहता है. जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर अपने सूझबूझ से कंप्यूटर के जानकार पदाधिकारी से पर्यवेक्षण टाइप कराते हैं. इस कारण जिन पदाधिकारियों को अनुसंधान करना चाहिये, वह इंस्पेक्टर के पर्यवेक्षण को टाइप करते हैं.
सिमरी में नहीं है इंस्पेक्टर थानेदार : जिले का दूसरा अनुमंडल सिमरीबख्तियारपुर में सब इंस्पेक्टर रणवीर कुमार थानाध्यक्ष का कार्यभार संभाल रहे हैं. कई माह से इंस्पेक्टर की जगह खाली है. इस कारण सिमरी अंचल पुलिस निरीक्षक को ही सिमरीबख्तियारपुर थाना का भी सुपरविजन करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व उमाशंकर कामत पर निलंबन की कार्रवाई के बाद पुनि आरके सिंह को थानाध्यक्ष बनाया गया था. कुछ दिन बाद ही सदर थानाध्यक्ष भाई भरत को डीआइजी के निर्देश पर पूर्णिया तबादला किये जाने के बाद आरके सिंह को सदर थाना की कमान सौंप दी गयी. उसी के बाद से सिमरी थाना इंस्पेक्टर विहीन है. उसके बाद महिषी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार को सिमरीबख्तियारपुर थाना की कमान सौंपी गयी है. सिमरी अंचल पुलिस निरीक्षक के पास अतिरिक्त कार्य हो जाने के कारण मामले के पर्यवेक्षण में समय लग रहा है.
सुपरविजन नहीं, तो कार्रवाई में देरी
किसी भी तरह के मामले चाहे वह साधारण हो या गंभीर में वरीय अधिकारियों के सुपरविजन का काफी योगदान है. इससे जहां दोषी को सजा दिलाने में सहयोग मिलता है तो निर्दोष को न्याय मिलता है. मामला दर्ज होने के बाद ससमय सुपरविजन नहीं मिलने के कारण कार्रवाई में देरी होती है. दुर्घटना व वाहन चोरी जैसे मामले में मुआवजा मिलने में देरी होती है. मामलों की संख्या प्रतिमाह बढ़ती जाती है. इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण कि पीड़ित को समय पर न्याय नहीं मिल पाता है. इसमें देरी होने का मुख्य कारण थानेदार की रोजाना की विधि व्यवस्था कर्तव्य में व्यस्त रहना, थाना में मैन पावर की कमी, अनुसंधानकर्ता द्वारा ससमय डायरी नहीं देना, ससमय गवाह का पर्यवेक्षीय पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित नहीं होना है. इसके अलावे थानेदार इंस्पेक्टर को आइटी एक्ट एवं गंभीर मामलों का अनुसंधान करना, थाना में लोगों की समस्या सुनना, गश्ती करना व एंटी क्राइम चेकिंग करना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से लेकर सरकार व न्यायालय स्तर से मांगी गयी जानकारी का रिपोर्ट तैयार करना, विधि व्यवस्था, धरना प्रदर्शन व वीआइपी ड्यूटी, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, आर्म्स लाइसेंस का प्रतिवेदन तैयार करना पड़ता है.
लंबित कांड एक नजर में ( अक्तूबर 2017 तक )
आदर्श सदर थाना 915
सोनवर्षा कचहरी 31
बनगांव थाना 77
महिषी थाना 88
जलई थाना 35
बिहरा थाना 135
नवहट्टा थाना 101
डरहार ओपी 29
सौरबाजार थाना 165
पतरघट ओपी 100
पस्तपार शिविर 51
बैजनाथपुर शिविर 68
एससी एसटी थाना 52
महिला थाना 80
पर्यवेक्षण के लिए लंबित मामले
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 94
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी 40
मुख्यालय डीएसपी वन 13
मुख्यालय डीएसपी टू 75
सदर अंचल निरीक्षक 75
सिमरी अंचल निरीक्षक 55
सदर थानाध्यक्ष सह निरीक्षक 118

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >