15 नवबंर से हड़ताल पर थे नप सफाई कर्मचारी
सहरसा: विभिन्न मांगों को लेकर विगत 15 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे नगर परिषद के सफाई कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल खत्म कर वापस अपने काम पर लौट आये. मालूम हो कि नगर परिषद के सफाई कर्मी के साथ नगर परिषद के कर्मी द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत सहित समान काम के समान वेतन की मांग को लेकर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी अचानक नगर परिषद को बगैर सूचना दिये 15 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये थे.
छह दिनों तक जारी हड़ताल के बाद सोमवार को सफाई कर्मचारी के शिष्टमंडल द्वारा जिला प्रशासन से मिलने पर डीएम ने सफाई कर्मचारियों के शिष्टमंडल को हड़ताल खत्म कर काम पर वापस लौटने के बाद सभी मुद्दों को लेकर वार्ता का आश्वासन दिया. इसके बाद मंगलवार को सफाई कर्मचारी संगठन द्वारा पिछले छह दिनों से जारी हड़ताल को खत्म करने की घोषणा कर दी गयी. मालूम हो कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से छह दिनों से शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गयी थी.
मंगलवार को कर्मियों ने क्षेत्र के सभी वार्ड व शहर की मुख्य सड़कों पर जमा कूड़े के ढेर को साफ किया. हालांकि हड़ताल समाप्त होने के बाद भी कई मुद्दों पर कर्मियों व नप के बीच सामंजस्य नहीं हो पाया है. इस बीच नगर परिषद क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह एवं जिला फुटकर विक्रेता संघ ने भी सफाई में हाथ बंटाया. लोगों ने इसकी सराहना की.
