गलती विभाग की झेलते हैं उपभोक्ता
सहरसा : बिजली विभाग अपने कार्यकलाप से हमेशा सुर्खियों में रहता है. विभाग गलती भी करे तो ताल ठोक कर करता है. अपनी गलती को छुपाने के लिए विभाग के अधिकारी व कर्मी किसी भी हद से गुजरने से बाज नहीं आते हैं. दिनचर्या में शामिल होने के कारण लोग विभाग की गलती को उजागर […]
सहरसा : बिजली विभाग अपने कार्यकलाप से हमेशा सुर्खियों में रहता है. विभाग गलती भी करे तो ताल ठोक कर करता है. अपनी गलती को छुपाने के लिए विभाग के अधिकारी व कर्मी किसी भी हद से गुजरने से बाज नहीं आते हैं. दिनचर्या में शामिल होने के कारण लोग विभाग की गलती को उजागर करने से परहेज करते हैं.
उपभोक्ता किसी भी पचड़े में पड़ने से परहेज करता है. इसका फायदा विभागीय कर्मी व अधिकारी बखूबी से उठाते हैं. लोगों के घर के ऊपर से तार गुजार देना, उपभोक्ताओं को ससमय विपत्र नहीं देना तो इनकी आदत में शुमार हो गया है. वरीय अधिकारियों के द्वारा ध्यान नहीं दिये जाने के कारण विभाग की तरफ से इस तरह की गलती में कमी होने के बजाय इजाफा ही होते जा रहा है.
उपभोक्ता की जुबानी, उनकी परेशानी : अनुराग गली डीबी रोड निवासी अमन कुमार बिट्टू अपने घर का बिजली बिल लेने के लिए कार्यालय का चक्कर लगा कर थक चुके हैं. अपनी समस्या बताते उन्होंने कहा कि उनका उपभोक्ता संख्या 2519 है. छह माह से विपत्र नहीं मिला है. मीटर रीडर को बोलने पर वह मशीन में लोड नहीं होने की बात कहता है.
कार्यालय जाने पर कभी महीने की 26 तारीख तो कभी 27 तारीख को आने के लिए बोला जाता है. कई दिन कार्यालय का चक्कर लगा चुका हूं. इससे पूर्व भी यही स्थिति थी. विपत्र नहीं मिलने के कारण वह ससमय भुगतान नहीं कर पाया. अचानक दस हजार का विपत्र भेज दिया गया. जिस दिन बिल भेजा उसी दिन कनेक्शन काटने आ गया और आपूर्ति बाधित कर चला भी गया.
अधिकारियों से विपत्र नहीं मिलने की बात कहने पर अनसुना कर दिया गया. उपभोक्ता की बात सुनने के लिए कोई भी अधिकारी या कर्मी तैयार नहीं रहते हैं. दूसरे दिन भुगतान करने के बाद पुन: कनेक्शन बहाल करने के लिए दो सौ रुपये का अलग से आरसीडीसी रसीद कटवाया गया. अमन कुमार बिट्टू ने कहा कि विपत्र नहीं भेजना विभाग की गलती है तो फिर उपभोक्ता को क्यों परेशान किया जाता है.
घर के ऊपर से गुजार दिया हाइटेंशन तार
विभाग के कार्यकलाप का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विद्युत लाइन में एचटी तार ले जाने के लिए लोगों के घर को भी अनदेखा कर दिया और छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का तार गुजार दिया. विभाग के उपभोक्ता श्रीराम सेंट्रल स्कूल के व्यवस्थापक न्यू कॉलोनी निवासी सिंटू कुमार ने कहा कि कई बार विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान के लिए आग्रह किया है, लेकिन अधिकारी कुछ सुनने को तैयार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि हमेशा दहशत में रहते हैं कि पता नहीं तार के कारण कब अनहोनी हो जाये.
आप भी करें सहयोग : विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के लिए आपके सहयोग की भी आवश्यकता है. यदि आप के आसपास भी बांस के सहारे या जर्जर तार से हो रही है विद्युत आपूर्ति तो लीजिये अपने मोबाइल से तस्वीर. जगह का नाम, अपना नाम व समस्या लिख कर तस्वीर के साथ व्हाट्सएप्प करें 7766841717 पर या इमेल करें shrutikant0001@gmail.com . यदि समस्या को लेकर पूर्व में दिया है आवेदन तो आवेदन व वर्तमान स्थिति की तस्वीर भी भेज दें.