Saharsa Problem: शहरवासियों के लिए हर घर नल का जल बना जी का जंजाल, 3 वर्ष बाद भी सड़कें जर्जर

हर घर शुद्ध नल का जल योजना को लेकर सहरसा के लोग जमकर शिकायत कर रहे हैं. वर्षों मन्नतों के बाद जिन सड़कों का निर्माण किया गया, उन सड़कों को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इससे लोग काफी परेशान हैं.

सहरसा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर शुद्ध नल का जल शहर वासियों के लिए जी का जंजाल बन गया है. ना शुद्ध जल मिल सका ना ही तोड़ी गयी सड़क की मरम्मति की गयी. जिससे लगभग सभी वार्ड के लोग परेशान हैं

शहर वासी कर रहे हैं शिकायत

हर घर शुद्ध नल का जल योजना को लेकर शहर वासी जमकर शिकायत कर रहे हैं. वर्षों मन्नतों के बाद जिन सड़कों का निर्माण किया गया, उन सड़कों को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त करते हुए जल का नल पहुंचाने के लिए पाइप बिछाने का कार्य किया गया है. कई वार्डों में लगभग तीन वर्ष पूर्व पाइप बिछा दिये गये, जबकि सड़कों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़ दिया गया है. क्षतिग्रस्त सड़कों पर एक बार फिर से वार्ड वासियों को कठिनाई हो रही है. शहरी क्षेत्र के वार्ड में अधिकांश पीसीसी सड़कों का निर्माण हाल के वर्षों में ही किया गया था. लोगों को अच्छी सड़कें वार्डों में नसीब हो सकी थी. लेकिन यह अच्छी सड़कें वार्ड वासियों को अधिक दिन अपनी सेवा नहीं दे पायी.

पाइप लाइन बिछाने के बाद भी सड़कें हैं क्षतिगस्त

मुख्यमंत्री के सात निश्चय कार्यक्रम हर घर नल का जल के पाइप लाइन बिछाने के नाम पर यत्र तत्र इसे तोड़ दिया गया है. इन टूटी सड़कों को पाइप लाइन बिछाने वाले कार्य एजेंसी को ही इसे दुरुस्त करना है. लेकिन वह इस ओर किसी प्रकार का ध्यान नहीं दे रहा है. जिस कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शहरी क्षेत्र के वार्डों में लगभग पिछले तीन वर्षों से पूर्व पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है. जबकि सड़कों को जीर्णशीर्ण अवस्था में छोड़ दिया गया है. कार्य एजेंसी ने सिर्फ पाइप लाइन बिछाने का काम किया है. कनेक्शन का कार्य भी आधा अधूरा है. कार्य एजेंसी पाइप बिछाकर महीनों से सोई हुई है. ना तो क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त किया गया है. ना ही सभी घरों में कनेक्शन का काम किया जा रहा है. ऐसे में सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं.

सड़क निर्माण करेगी कार्य एजेंसी

हर घर नल का जल के लिए बिछाई गयी पाइप लाइन को लेकर टूटी सड़कों का मरम्मत निर्माण एजेंसी द्वारा किया जाना है. इस बाबत पूछे जाने पर कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद आदित्य कुमार ने बताया कि हर घर नल का जल पहुंचाये जाने को लेकर जिन सड़कों को क्षतिग्रस्त किया गया है, उन सड़कों का निर्माण कार्य एजेंसी बुडको द्वारा कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि एजेंसी को इसके लिए निर्देशित किया गया है. सभी क्षतिग्रस्त सड़कें एक बार फिर से दुरुस्त होंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >