डेढ़ माह से बंद पड़ा आपूर्ति कार्यालय, औचक निरीक्षण में हुआ खुलासा

Sasaram News: राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भटक रहे लोग, उपप्रमुख के निरीक्षण में कार्यालय पर लटका मिला ताला

Sasaram News:(सुजीत कुमार) सासाराम जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय पिछले करीब डेढ़ माह से बंद रहने का मामला सामने आया है. इसका खुलासा तब हुआ, जब प्रखंड उपप्रमुख विनय कुमार सिंह ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कार्यालय में ताला लटका मिला तथा कोई भी कर्मी मौजूद नहीं था.

जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोग राशन कार्ड में नाम जोड़ने, कटे हुए नाम को दोबारा जुड़वाने, यूनिट सुधार तथा खाद्यान्न वितरण से संबंधित समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचते हैं. लेकिन कार्यालय बंद रहने के कारण लोगों को बिना काम कराए ही लौटना पड़ रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है. खासकर वृद्ध, मजदूर एवं गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं.

जनवितरण प्रणाली से जुड़े मामले लंबित

लोगों ने बताया कि जनवितरण प्रणाली से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले लंबे समय से लंबित पड़े हैं. कार्यालय नियमित रूप से नहीं खुलने के कारण आम लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है.

औचक निरीक्षण के दौरान उपप्रमुख विनय Kumar सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आपूर्ति विभाग का कार्य प्रभावित है. शिकायतों की सत्यता जानने के लिए निरीक्षण किया गया, जहां कार्यालय पूरी तरह बंद मिला.

उन्होंने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों से जुड़े विभाग का लंबे समय तक बंद रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारिका प्रसाद शर्मा ने बताया कि अनुमंडल कार्यालय में विभागीय कार्यों में व्यस्त रहने के कारण नियमित रूप से प्रखंड कार्यालय में बैठना संभव नहीं हो पा रहा था. उन्होंने कहा कि कर्मियों को नियमित रूप से कार्यालय में बैठने का निर्देश दिया जाएगा, ताकि आम लोगों के कार्य समय पर पूरे हो सकें.

Also Read: दाउदनगर की आजीविका दीदियों का नगर पर्षद के खिलाफ मोर्चा; मानदेय नहीं, काम बंद, अब आंदोलन की राह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >