सूरत-ए-हाल. गरमी की मार पर बिजली की मनमानी चाल
अगल-अलग फीडरों से करीब 13 घंटे गायब रही बिजली
सासाराम सदर : बिजली विभाग ऑन द स्पॉट बिलिंग में राज्य में दूसरा स्थान पर है, लेकिन आपूर्ति व्यवस्था में किस स्थान पर है यह कोई बताने वाला नहीं है. इस समय गरमी का पारा प्रतिदिन चढ़ता जा रहा है. इसके साथ ही बिजली आपूर्ति भी उसी गति से बाधित हो रही है.
शुक्रवार की रात तो शहर के लोग बिजली के आने-जाने से काफी परेशान हो गये. घंटों बाद बिजली आती और फिर गायब हो जाती. यह सिलसिला दूसरे दिन शनिवार की सुबह तक बना रहा.
इसके बाद लोग बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था पर निगाह डालने लगे.
बीती रात अलग-अलग फीडर से लगभग 13 घंटे बिजली गुल रही. शहर के पहले फीडर से 2.55 घंटे, दूसरे फीडर 5.5 घंटे, मेन सप्लाई से 2.30 घंटे जबकि, करपुरवा फीडर से लगभग तीन घंटे बिजली गुल रही. हालांकि, दिन में भी बिजली विभाग की मनमानी व कवर तार बदलने के नाम पर घंटों कटौती की जा रही है.
