बलिहार पंचायत के इस अस्पताल में कभी नहीं चलाया जाता ओपीडी
बिक्रमगंज कार्यालय : सूर्यपुरा प्रखंड की बलिहार पंचायत के इमिरता के लोग मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा का लाभ से वंचित हैं. टीकाकरण को छोड़ दिया जाये तो स्वास्थ्य केंद्र का ताला कभी नहीं खुलता है. ग्रामीण छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिये शहर में जाने को मजबूर हैं. ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं. गौरतलब है कि ग्रामीणों को मुफ्त में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए पंचायत के गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गयी है.
सरकार द्वारा पंचायत के इमिरता में उपस्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गयी है. स्वास्थ्य केंद्र को खुद का एक भवन भी मुहैया कराया गया है पर यहां न तो किसी चिकित्सक की पदस्थापना की गयी है और न ही पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की तैनाती. सूत्रों के अनुसार एक उपस्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सक, दो एनएएम और दो नर्सिंग स्टॉफ के पद सृजित हैं. स्वास्थ्य केंद्र को सभी सामान्य बीमारियों के लिये दवा भी उपलब्ध कराया गया है. साथ ही चिकित्सक के अभाव में सभी छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिये चिकित्सा कर्मियों को प्रशिक्षित भी किया गया है. बड़ी बीमारी या प्रसव से पीड़ित महिलाओं को पीएचसी के लिए रेफर किये जाने के आदेश हैं.
सोमवार और शनिवार को ओपीडी चालू रखना है. बुधवार और शुक्रवार को सभी प्रकार का टीकाकरण करने के आदेश दिये गये हैं. ग्रामीण बताते हैं कि यह स्वास्थ्य केंद्र केवल टीकाकरण के दिन बुधवार और शुक्रवार को ही खुलता है. यहां दो एनएएम देवंती कुमारी व कुमारी नीतू सिंह पदस्थापित हैं. कोई चिकित्सक और नर्सिंग स्टॉफ यहां पदस्थापित नहीं है. ग्रामीण बताते हैं कि इस स्वास्थ्य केंद्र में कभी भी ओपीडी नहीं चलता है और न ही ग्रामीणों को साधारण बीमारियों के लिये दवा उपलब्ध करायी जाती है. इस संबंध में कई बार प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गयी पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.
सोमवार व शनिवार को चलाना है ओपीडी
स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार और शनिवार को ओपीडी चलाना है. मंगलवार को पीएचसी में बैठक में स्वास्थ्य कर्मी भाग लेते हैं व गुरुवार को अपने पोषक क्षेत्र का भ्रमण कर स्वास्थ्य जागरूकता का कार्य करते हैं. बुधवार और शुक्रवार को टीकाकरण स्वास्थ्य केंद्र पर किया जाता है. केंद्र में सभी सामान्य बीमारियों की दवाएं उपलब्ध करा दी गयी हैं.
शमशाद अहमद, स्वास्थ्य प्रबंधक, सूर्यपुरा
स्वास्थ्य केंद्र का नहीं मिल रहा कोई लाभ
सत्येंद्र कुमार बताते हैं कि स्वास्थ्य केंद्र से ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है. साधारण से साधारण बीमारियों के इलाज के लिये बिक्रमगंज जाना पड़ता है. हरि किशुन सिंह कहते है कि यह केंद्र महज दिखावे के लिये है. टीकाकरण के दिन ही यहां चिकित्सा कर्मी दिखाई देते हैं. बाकी दिन केंद्र में ताला लटका रहता है. गया सिंह कहते है कि स्वास्थ्य केंद्र के संबंध में कई बार चिकित्सा पदाधिकारी से शिकायत की गयी लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ. केदार चौधरी कहते है कि स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र ही चिकित्सक और पर्याप्त चिकित्सा कर्मी को नियुक्त कर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया नहीं करायी गयी तो केंद्र में हमेशा के लिये ताला लगा दिया जायेगा.
जांच कर होगी कार्रवाई
सोमवार और शनिवार को सप्ताह में दो दिन ओपीडी चलाने का निर्देश दिया गया है. अगर निर्धारित समय पर ओपीडी नहीं खुलता है तो उसकी जांच कर वहां पदस्थापित चिकित्सा कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
डॉ शशि शेखर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सूर्यपुरा
