शिवसागर : पताढ़ी पंचायत के थनुवा में श्मशान भूमि की दो एकड़ जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है. दबंग लोग अपना मकान भी बना चुके हैं. गांव के लोगों का कहना है कि इसको लेकर सीओ को आवेदन दिया गया है. लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी. युवा भाजपा नेता नवीन सिंह ने बताया कि श्मशान भूमि पर अतिक्रमण हो जाने से लोगों को काफी समस्या होती है. लोगों को अपने खेतों में ही दाह संस्कार करना पड़ता है. श्मशान में दाह संस्कार के लिए लोग जाते हैं,
तो कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग मना करने लगते हैं. कहते हैं कि यह हमारी भूमि है. किसी के घर में कोई दाह संस्कार नहीं कर सकता है. इसको लेकर पूरे गांव के ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. ग्रामीण विजय सिंह, रिंकू सिंह, रोहित सिंह, मोनू सिंह, अभिरंजन सिंह, जगदीश पासवान, नारायण सिंह आदि लोगों ने श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने की गुहार लगायी है. इधर, सीओ अरशद अली ने बताया कि जल्द ही श्मशान भूमि की जगह को अतिक्रमण मुक्त कराया जायेगा.
