पूर्णिया के बैसा से रिपोर्ट :
बैसा. बैसा प्रखंड अंतर्गत बैसा गांव के समीप स्टेट हाईवे 99 से हरिया गांव जानेवाली मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या से आम लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों तथा दोपहिया वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर सड़क जलमग्न रहने से लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है.हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और कई दिनों तक निकासी नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है. जानकारी देते हुए मुखिया प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन ने बताया कि हरिया गांव सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए यह सड़क जीवनरेखा के समान है, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय जाते हैं, वहीं किसान अपने कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं.
