Purnia Theft News : पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत बड़ाईदगाह पंचायत के वार्ड संख्या छह स्थित हक्का गांव में शनिवार की देर रात बेखौफ चोरों ने स्थानीय निवासी साऊद के घर को निशाना बनाया. बताया जाता है कि रात करीब एक बजे चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
परिवार सोता रहा, चोर समेट ले गए लाखों की संपत्ति
घटना के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी. चोरों ने घर की अलमारी और बक्सों को खंगालकर करीब तीन लाख रुपये नकद तथा लगभग 30 भर सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए. वारदात के बाद सभी आरोपी आराम से फरार हो गए.
सुबह बिखरा सामान देख उड़ गए होश
सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारियां खुली थीं और नकदी व जेवर गायब थे. देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
पीड़ित परिवार ने बयां किया दर्द
पीड़ित महिला रकिमा, पति साऊद ने रोते हुए बताया कि चोर उनकी जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई और खून-पसीने से जुटाए गए कीमती जेवर लेकर चले गए. उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा परिवार आर्थिक रूप से टूट गया है और अब उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है.
पुलिस को आवेदन का इंतजार
मामले को लेकर संबंधित थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और न ही पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी.
ये भी पढ़ें : पूर्णिया में 30 पुलिसकर्मियों को एएसआई पद पर मिली प्रोन्नति, पाइपिंग समारोह में कंधों पर सजा नया स्टार
