गैस नहीं मिलने से भवानीपुर में मचा हाहाकार, स्कूलों में एमडीएम पर आफत

स्कूलों में एमडीएम पर आफत

भवानीपुर. भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से रसोई गैस की आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गैस नहीं मिलने से खासकर गृहिणियों की समस्या काफी बढ़ गई है. रसोई का काम प्रभावित होने के कारण घर-घर में चिंता और परेशानी का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों पर लगातार चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. कई उपभोक्ताओं ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही गैस बुक करायी गयी थी, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई है. गैस की कमी के कारण लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करने में भी कठिनाई हो रही है. कई परिवारों को खाना बनाने में दिक्कत हो रही है. कुछ लोग मजबूरी में लकड़ी या कोयले का सहारा ले रहे हैं, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लग रहा है. पांडव कुमार, दिलीप कुमार सिंह कन्हैया कुमार सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि गैस नहीं मिलने से परेशानी हो रही है . गैस आपूर्ति नहीं होने से असर विद्यालयों पर भी देखने को मिल रहा है. प्रखंड क्षेत्र के कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनाने में परेशानी उत्पन्न हो गई है. वैकल्पिक व्यवस्था कर समय पर मध्याह्न भोजन बच्चों को उपलब्ध कराया जा रहा है.इसमें अधिक खर्च के साथ-साथ परेशानी भी अधिक हो रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समस्या और गंभीर हो सकती है. इधर, एचपी गैस एजेंसी के मलिक वसीम रजा का कहना है कि गैस की आपूर्ति नहीं होने से परेशानी हो रही है. ग्राहक लगातार एजेंसी में आकर बिना गैस लिए वापस चले जाते हैं. कुछ उपभोक्ताओं झंझट भी करने लगते हैं. गैस की आपूर्ति लगभग एक सप्ताह से नहीं की जा रही है. जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है. लोगों को आश्वासन दिया गया है कि गैस की आपूर्ति शीघ्र शुरू कर दी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >