तीन दोस्तों के साथ सौरा नदी पर रील बनाने गये युवक की मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

बीती शाम अपने तीन दोस्तों के साथ सौरा नदी पर रील बनाने गये एक युवक की लाश सोमवार को पुलिस ने नदी से बरामद की है.

पूर्णिया पूर्व. बीती शाम अपने तीन दोस्तों के साथ सौरा नदी पर रील बनाने गये एक युवक की लाश सोमवार को पुलिस ने नदी से बरामद की है. मृतक की पहचान बेचन ऋषि (26 ) पिता चमकलाल ऋषि ग्राम सतडोभ वार्ड 44, थाना मुफस्सिल, जिला पूर्णिया निवासी के रूप में की गयी है. मुफस्सिल थानाक्षेत्र अंतर्गत बेलौरी सौरा नदी पर रविवार की संध्या चारों युवक गये थे. वहां से लौटकर आये तीनों दोस्तों ने मृतक के परिजनों को बताया कि बेचन बाद में आयेगा. हालांकि, सोमवार को सुबह में उसकी लाश मिलने से सनसनी फैल गयी. इस संबंध में मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि डूबने से मौत हुई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. इधर, घटना के संबंध में मृतक के पिता चमकलाल ऋषि ने बताया कि उनका बेटा रविवार की शाम अपने तीन दोस्तों के साथ रील बनाने के उद्देश्य से बेलौरी सौरा नदी के पास गया था. कुछ समय बाद उसके सभी दोस्त घर लौट आए, लेकिन बेचन वापस नहीं आया. पूछताछ करने पर दोस्तों ने बताया कि वह वहीं रुक गया है और थोड़ी देर में घर आ जायेगा. देर रात तक जब बेचन घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गये. सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में एक युवक का शव देखे जाने की सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बेचन ऋषि के रूप में की गयी. इसके बाद परिजनों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया. बताया गया कि मृतक की शादी हो चुकी थी और उसके दो पुत्र व एक पुत्री है. वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. इस अचानक हुई घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >