मौसम: दिन में धूप की तपिश, सूरज ढलते ही शुरू हो जाती है कनकनी

पूर्णिया

पूर्णिया. कोहरे के साथ सुबह का आगाज पर दिन में धूप की तपिश का अहसास. दिन में भले ही ठंड से राहत मिल रही हो पर सूरज ढलते ही कनकनी शुरू जाती है. रात के समय ठंड बढ़ जाती है. दो दिनों से मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह रह रहा है. मगर, मौसम विभाग की मानें तो रविवार से मौसम का तेवर बदलने वाला है और ठंड और ज्यादा तेज होने वाली है. मौसम विज्ञानियों का मानना है कि पहली दले इस सीजन में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड अचानक बढ़ जाएगी. इधर, पूर्णिया के मौसम पूर्वानुमान इंडेक्स की मानें तो रविवार को सुबह हल्का मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है तो दिन में आंशिक रुप से बादल छाए रह सकते हैं. इस बीच शनिवार को पूर्णिया में अधिकतम तापमान 30.4 एवं न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक कड़क ठंड का प्रभाव दिसम्बर के पहले हफ्ते से शुरू होने का अनुमान है पर मौसम का मिजाज रविवार 30 नवम्बर से ही बदलना शुरू हो जाएगा. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है जिसके प्रभाव से तापमान गिर सकता है और सर्दी में बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग ने ठंड और तेज पछुआ हवा को लेकर सचेत रहने को कहा है. शनिवार को अहले सुबह कोहरा दिखा पर बहुत जल्द आसमान साफ भी हो गया. दिन में निकली धूप की तपिश से लोगों को गर्म अहसास हुआ पर दोपहर बाद से तपिश कम हो गई और पछुआ हवा के प्रभाव से कनकनी महसूस होने लगी. मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर शहर के बाजारों पर भी दिखने लगा है. शाम तक गुलजार दिखने वाले बाजारों में सात बजे के बाद लोग अपने घरों के लिए निकल जा रहे हैं. इस दौरान सड़कों पर आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम हो जाती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh chandra

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >