PURNIA पूर्णिया में नौ मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ट्रैफिक चालान के लिए अलग बेंच की व्यवस्था
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्णिया की ओर से आगामी 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा.
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट :
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्णिया की ओर से आगामी 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. यह लोक अदालत व्यवहार न्यायालय, पूर्णिया के साथ-साथ बनमनखी, धमदाहा और बायसी न्यायालयों में एक साथ आयोजित होगी. मीडिया से बातचीत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष कन्हैया जी चौधरी ने बताया कि इस वर्ष का यह दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने मामलों का शीघ्र निपटारा कराने की अपील की.उन्होंने बताया कि जिले में ट्रैफिक चालान के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर विशेष बेंच बनाए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने.लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा. इनमें प्रमुख रूप से:आपराधिक मामले, बैंक रिकवरी केस, मोटर दुर्घटना, बीमा दावे, एनआई एक्ट (धारा 138) से जुड़े मामले, श्रम विवाद, बिजली और पानी बिल से जुड़े मामले, पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण एवं राजस्व मामले, उपभोक्ता विवाद शामिल हैं.