स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा रद होने के बाद भी परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी, बैरंग लौटे तो पूर्णिया विवि पहुंच किया हंगामा

पूर्णिया

पूर्णिया. स्नातक प्रथम सेमेस्टर की शेष परीक्षाएं स्थगित कर दिये जाने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच गये. हालांकि जब परीक्षा केंद्रों से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा तो इससे परीक्षार्थी उग्र हो गये और पूर्णिया विवि पहुंचकर हंगामे पर उतारू हो गये. इस हंगामे की सूचना मिलने पर कुलानुशासक डॉ. यू एन सिंह परीक्षार्थियों के बीच पहुंचे. उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया. इस संबंध में कुलानुशासक डॉ. यू एन सिंह ने बताया कि पूर्णिया विवि ने पहले ही परीक्षाओं के स्थगित करने की घोषणा कर रखी है. इसके बाद भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी आ गये. उन्हें समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि इनमें कुछ छात्र और अभिभावक ऐसे भी थे जो कल भी आये थे.जब उनसे पूछा गया कि आपलोगों को तो कल ही वस्तुस्थिति बता दी गयी थी तब आज क्यों आ गये. इसपर अभिभावकों व परीक्षार्थियों ने बताया कि वे क्या कर सकते हैं. पहले भी उनकी परीक्षा स्थगित हुई है. उन्होंने जो एडमिट कार्ड डाउनलोड किया है, उसमें आज वह परीक्षा होनी थी जो स्थगित की गयी थी. जानकारी के अनुसार, रविवार के अवकाश के कारण सामान्य कामकाज विवि में बंद था. केवल परीक्षा कार्यों को लेकर ही गतिविधियां थी. प्रवेश द्वार को बंद कर सुरक्षाकर्मी तैनात थे. इस बीच, बैंक के पास के गेट से परीक्षार्थी अचानक विश्वविद्यालय में प्रवेश कर गये और हंगामा करने लगे. खैर, बाद में पदाधिकारियों और छात्र नेताओं के पहुंचने के बाद मामला शांत हो गया. ————————- यूजी प्रथम सेमेस्टर परीक्षा को लेकर कुलपति ने की बैठक, परीक्षा की नयी तिथि जल्द होगी घोषित पूर्णिया. पूर्णिया विश्वविद्यालय में रविवार को यूजी प्रथम सेमेस्टर परीक्षा को लेकर कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने बैठक की. कुलपति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी छात्र सहज एवं सुगम तरीके से परीक्षा में सम्मिलित हो सकें. विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुलपति प्रोफेसर विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में यूजी. प्रथम सेमेस्टर दिसंबर 2025 परीक्षा के संदर्भ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा किसी कारणवश छूट गई है, उनका आकलन कर शीघ्र ही परीक्षा की नई तिथि घोषित की जाएगी.साथ ही जिन परीक्षाओं को रद्द किया गया है उनकी तिथि भी शीघ्र घोषित की जाएगी ताकि किसी भी छात्र का शैक्षणिक नुकसान न हो. इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अरविंद कुमार वर्मा, प्रॉक्टर डॉ. उदय नारायण सिंह, उप कुलसचिव (रजिस्ट्रेशन) डॉ. पिनाकी रंजन दास, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलभूषण मौर्य, समर्थ के नोडल पदाधिकारी डॉ. सुमन सागर तथा उप कुलसचिव (शैक्षणिक) डॉ. नवनीत कुमार उपस्थित रहे. बताया गया कि विवि प्रशासन विद्यार्थियों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और पारदर्शी एवं व्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >