सुपौली पंचायत में 16 जून को सहयोग शिविर, बीडीओ ने की जनभागीदारी की अपील
Copied link
भवानीपुर प्रखंड की सुपौली पंचायत में 16 जून को पंचायत सरकार भवन में विशेष सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेंगे. प्रशासन ने लोगों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने और अपनी शिकायतें दर्ज कराने की अपील की है.
पूर्णिया के भवानीपुर से रिपोर्ट :
भवानीपुर. प्रखंड क्षेत्र की सुपौली पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में 16 जून को बिहार सरकार के निर्देशानुसार एक विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. प्रखंड कर्मियों ने पंचायत क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस शिविर का लाभ उठा सकें. प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा. शिविर में पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा. साथ ही योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता भी उपलब्ध करायी जाएगी.
आवश्यक दस्तावेजों के साथ आयें सहयोग शिविर
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की कोई समस्या लंबित है अथवा किसी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है, वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सहयोग शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं. प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें लोग :
प्रशासन ने पंचायतवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा इस संबंध में अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे.
अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.