Purnia News: पूर्णिया. फुटपाथी एवं फुटकर दुकानदारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में प्रज्ञान सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी नगर निकायों के नगर कार्यपालक पदाधिकारी और एलडीएम पूर्णिया शामिल हुए.
लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
बैठक के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के तहत फुटपाथी एवं फुटकर व्यापारियों को ऋण उपलब्ध कराने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. डीएम ने नए आवेदन करने वाले तथा पूर्व में आवेदन कर चुके लाभुकों के मामलों में तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बैंकों से समन्वय कर दिलाएं ऋण
डीएम अंशुल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा, ताकि लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन हो सके. उन्होंने पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं करने की हिदायत दी.
दुकानदारों को योजना की पूरी जानकारी देने पर जोर
जिला पदाधिकारी ने कहा कि फुटपाथी दुकानदारों और अन्य पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए. आवेदन प्रक्रिया, बैंक से संबंधित समस्याओं और ऋण प्राप्त करने में आने वाली परेशानियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया गया.
जनहित के मामलों में लापरवाही नहीं करने की हिदायत
Purnia News: डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का ससमय और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद फुटपाथी एवं फुटकर दुकानदारों तक पहुंचाना है. इसके लिए विभागीय अधिकारियों और बैंकों के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है.
