श्री श्री 108 हरिनाम संकीर्तन का हुआ भव्य समापन

लालगंज पंचायत

पूर्णिया. लालगंज पंचायत स्थित बंगाली कॉलोनी में विगत 28 जनवरी से शुरू हुए श्री श्री 108 हरिनाम संकीर्तन का भव्य समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ. भीष्म एकादशी के अवसर पर आयोजित इस अखंड संकीर्तन में हजारों महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर राम और कृष्ण नाम का जाप किया. इस दरम्यान 29 जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक 72 घंटे का अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया. जबकि समापन के दिन पदावली कीर्तन और खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण बड़ी संख्या में भक्तों के बीच किया गया. अंतिम दिन राधा और कृष्ण स्वरूप बने बच्चों को घर-घर भ्रमण कराया गया. श्रद्धालुओं ने घरों के द्वार पर उनका पूजन किया, प्रणाम किया और दक्षिणा अर्पित की. इस दौरान युवा-युवतियों ने राधा-कृष्ण के रूप में पारंपरिक ढंग से कीचड़ और पानी से स्नान कर भक्ति गीतों पर नृत्य किया. पूरे क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला. इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय आयोजन समिति के पदाधिकारी अध्यक्ष विजय कु. दास, उपाध्यक्ष उषा रंजन दास, सचिव भानु घोष, कोषाध्यक्ष प्रमोदजीत दास, पुजारी जय चन्द्र दास के अलावा समिति के सदस्य में संजय दास, गोपाल दास, अनिल दास, चंदन दास, मदन घोष, रतन दास, मनोज दास एवं पवन दास सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभायी. आयोजकों ने बताया कि यह संकीर्तन कार्यक्रम वर्ष 2012 से लगातार प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में दूर-दराज से रामधुनी और कीर्तन प्रस्तुत करने वाले कलाकार भी पहुंचे, जिन्होंने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन ने न केवल आध्यात्मिक चेतना को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी नई ऊर्जा प्रदान की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATYENDRA SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >