बनमनखी. बनमनखी नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अनुमंडल प्रशासन द्वारा की गई सख्त कार्रवाई का असर महज कुछ ही दिनों तक सीमित रहा.सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और ठेलों के कारण लगातार जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया था.इसके बाद फुटकर विक्रेताओं एवं वेंडरों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट कराया गया था. हालांकि, कुछ ही सप्ताह के भीतर स्थिति फिर से जस की तस होती नजर आ रही है धीरे-धीरे सड़क किनारे ठेला, मछली मांस एवं फुटकर सब्जी की दुकानें दोबारा सजने लगी हैं, जिससे अतिक्रमणकारियों का कब्जा पुनः रोड किनारे बढ़ता जा रहा है.इसके चलते आम लोगों को आवागमन में फिर से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.स्थानीय लोगों का कहना है कि वेंडिंग जोन कमेटी का अब तक गठन नहीं होने के कारण फुटकर विक्रेताओं पर कोई ठोस निगरानी नहीं रह गई है. इसी का फायदा उठाकर कई विक्रेता फिर से सड़कों पर अपनी दुकानें लगाने लगे हैं. इस संबंध में पूछे जाने पर बनमनखी अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं.उन्होंने कहा कि इसके लिए टीम का गठन किया गया है .यदि अतिक्रमण हटाने के बाद भी कोई व्यक्ति सड़क पर ठेला या दुकान लगाता है तो उस पर जुर्माना लगाने के निर्देश नगर परिषद प्रशासन को दिए गए हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
