नगर निगम बोर्ड की बैठक में लिये गये कई महत्वपूर्ण फैसले, सफाई पर जोर

नगर निगम बोर्ड

महापौर विभा कुमारी ने सफाई एजेंसियों को सफाई पर विशेष ध्यान देने का दिया निर्देश पूर्णिया. नगर निगम बोर्ड की बैठक बुधवार को नगर निगम सभागार में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में हुई. बैठक के दौरान महापौर ने पिछली बैठक में लिए निर्णय एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की. महापौर विभा कुमारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित पड़े हुए कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में मुख्य रूप से शहर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, नालों की साफ-सफाई, लाइट सहित कई विकासपरक निर्णय लिये गये. महापौर ने संबंधित सफाई एजेंसियों को सभी वार्डों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान वार्ड पार्षद राकेश राय सहित कई पार्षदों ने कहा कि शहर की प्रमुख खुश्कीबाग, भट्टा बाजार एवं मधुबनी बाजार का सुव्यवस्थित एवं आधुनिकीकरण का निर्णय पहले भी कई बार सशक्त स्थायी समिति की बैठक एवं बोर्ड की बैठक में लिए जाने के बावजूद आजतक उसपर क्यों नहीं अमल किया गया जबकि शहर के विभिन्न प्रमुख स्थल रजनी चौक, लाइन बाजार, मधुबनी, सनौली चौक, पंचमुखी मंदिर के पीछे, सम्राट अशोक भवन, फोर स्टार, पशुपालन, गुलाबबाग मार्केट गेट अस्थाई दुकानें बनाने का निर्णय लिया गया था, जिस पर अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है। जवाब में नगर आयुक्त ने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में अस्थाई दुकानें बनाने के लिए चयनित स्थानों की सूची देने की बात कही. निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल वहीं वार्ड पार्षद संतोष यादव, अमित कुमार सोनी सहित सभी वार्ड पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि विगत दिनों ऐसा देखा जा रहा है कि निविदाओं में संवेदक अत्यधिक कम दर पर भाग लेते हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होती है. साथ ही कार्य संपादन में काफी समय लगता है और निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी शिकायतें आये दिन वार्डवासियों से प्राप्त होती है. ऐसे में नगर निगम की छवि भी धूमिल होती है. आरसीडी और नगर निगम के प्राक्कलन में अंतर क्यों? कहा कि वर्तमान में पथ निर्माण मंत्री का बयान भी आया है कि गुणवत्ता के लिए अत्यधिक कम दर खत्म कर इसकी सीमा दस प्रतिशत तक रखा जाए, इसको जल्द विभाग के द्वारा लागू किया जाना चाहिए. जब नगर निगम भी आरसीडी के ही नियम पर चलता है तो एक ही शहर में आरसीडी और नगर निगम के प्राक्कलन में अंतर क्यों ? प्राक्कलन में अंतर के कारण नगर निगम की योजनाओं में गुणवत्ता की कमी देखी जा रही है. निविदाओं पर लगायी जायेगी रोक : गुणवत्ता का सुधार करने हेतु आरसीडी के प्रावधान के अनुसार पीसीसी एम 30 एवं आरसीसी एम 30 के अनुसार सभी योजनाओं का प्राक्कलन बनाया जाए जबकि आगे होने वाली सभी निविदा और अभी चल रहे एनआईटी को तत्काल स्थगित करते हुए आरसीसी प्राक्कलन प्रावधान के अनुसार निविदा का निष्पादन किया जाए. साथ ही नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा स्वीकृत एनआईटी के आधार पर ही निविदा का निष्पादन किया जाए. इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि तत्काल निविदाओं पर रोक लगा दिया जाएगा. प्रशासनिक स्वीकृति के अभाव में कार्य रूका वार्ड पार्षद अंजनी साह ने कहा कि वार्डों में काफी कार्य प्रशासनिक स्वीकृति के अभाव में रूके हैं, जिसका सभी पार्षदों ने एक स्वर से समर्थन किया. सभी वार्ड पार्षदों से प्राप्त एक करोड़ से कम की योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति सशक्त स्थायी समिति द्वारा दे दी गई है जबकि एक करोड़ से अधिक की योजनाओं को भी बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई. पांच जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगेगा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर चार एवं पांच की सीमा बाईपास नहर, गुलाबबाग पोलोग्राम सहित जरूरत के अनुसार पांच जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाने का निर्णय लिया गया जबकि केपी यादव मार्केट चौक से फारचूनर स्कूल, गंगा दार्जिलिंग रोड तक, रंगभूमि चौक से कॉलेज चौक, रजनी चौक से नेवालाल चौक, डोलर हाउस चौक से एयरपोर्ट नगर निगम बॉर्डर तक, माता चौक से मधुबनी तक, सिटी रोड से सनौली चौक होते हुए गुंडा चौक नहर तक आॅटो गोलन एवं तिरंगा लाइट लगाने की मांग की गई. वहीं नगर निगम के सभी वार्डों में पहले से लगे लाईट जिसका मेंटेनेंस भी समाप्त हो चुका है और जो अभी वर्तमान में नये पोल लगे हैं उनमें लाईट लगाने की आवश्यकता है जिसके लिए प्रति वार्ड 100-100 लाईट देने की व्यवस्था की भी मांग की गई. 6 हजार लाइट खरीदने का निर्णय वार्ड पार्षदों की मांग को देखते हुए 6 हजार लाइट खरीदने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. वार्ड पार्षद गुलाब हुसैन ने सम्राट अशोक भवन को मीटिंग हाॅल बनाने की मांग की, जिसका वार्ड पार्षदों ने समर्थन किया। नगर आयुक्त ने कहा कि इसके लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा, प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के पश्चात इस पर निर्णय लिया जाएगा. आपकी शहर आपकी बात कार्यक्रम वार्ड पार्षदों ने कहा कि शहरी क्षेत्र के वार्डों में आपकी शहर आपकी बात कार्यक्रम चलाने की मांग की, ताकि आम लोग से हम लोगों तक पहुंच सके. पार्षदों की मांग पर सभी वार्डों में फोटोयुक्त साइन बोर्ड लगाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में मुख्य रूप से नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, उप महापौर पल्लवी गुप्ता सहित सभी वार्डों के वार्ड पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारी और कर्म गण मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >