पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट : पूर्णिया में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को गुरुवार रात राहत मिली, जब तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई. रातभर चली बारिश के बाद सुबह मौसम सुहावना जरूर हुआ, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
तीन दिन की उमस के बाद बदला मौसम
पिछले तीन दिनों से पूर्णिया समेत आसपास के इलाकों में तेज गर्मी और उमस से लोग परेशान थे. देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को राहत मिली.
अब आफत बन सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग का कहना है कि इस दौरान वज्रपात की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है.रात में कई जगह गिरे ठनके
स्थानीय लोगों के अनुसार रातभर चली बारिश के दौरान कई इलाकों में ठनका गिरने की आवाजें सुनाई दीं. हालांकि अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है. ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पूरी रात मौसम की स्थिति को लेकर सतर्क बने रहे.
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें. तेज हवा के कारण कमजोर मकान, टिन शेड और पुराने ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.सुबह मौसम साफ, लेकिन खतरा बरकरार
सुबह आसमान साफ दिखने के बावजूद मौसम विभाग ने कहा है कि दोपहर और शाम के समय अचानक मौसम बिगड़ सकता है. ऐसे में बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
