पूर्णिया के जानकीनगर से नितेश राय की रिपोर्ट :
परदेश से पति ने जो कमाई के रुपए भेजे, उसे गणिता देवी ने अपने दो प्रेमियों पर लुटा दिया. परदेश से लौटने पर जब यह भेद खुला तो पति ने पिटाई कर दी. यह बात गणिता और उसके दोनों प्रेमियों को नागवार गुजरी. गणिता ने दोनों प्रेमियों के साथ मिलकर अपने पति को मौत की नींद सुला दी. पूर्णिया जिले में बीते 5 मई को ही जानकीनगर थानाक्षेत्र के रूपौली दक्षिण पंचायत के रमजानी मंडल टोला वार्ड नंबर 04 निवासी गजेन्द्र मंडल(40) पिता स्व धूरी मंडल की हत्या में पुलिस इसी नतीजे पर पहुंची है.पति के दो दोस्तों के साथ पत्नी का चल रहा प्रेम प्रसंग
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी शैलेश प्रीतम ने बताया कि हत्याकांड के अनुसंधान में पाया गया कि गजेन्द्र मंडल की पत्नी गणिता देवी का उसके दोस्त रंजीत कुमार राय ग्राम रहरिया थाना भरगामा जिला अररिया एवं सुमन कुमार ग्राम रमजानी थाना जानकीनगर जिला पूर्णिया के साथ प्रेम प्रसंग था.
पति ने घर बनाने के लिए पैसा भेजा, पत्नी व उसके प्रेमियों ने कर दिया खर्च
गजेन्द्र मंडल दूसरे राज्य में कार्य करने के दौरान घर बनाने के लिए पैसा भेजा था. इनकों तीनों अभियुक्त ने मिलकर खर्च कर दिया था. इसको लेकर भी गजेंद्र का पत्नी से विवाद हुआ था.दो मई को मृतक गजेन्द्र मंडल इस बात पर अपनी पत्नी को उक्त रात में मारपीट की, जो गणिता देवी के प्रेमियों को नागवार गुजरी.
दोनों प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को झाड़ी में छुपाया
प्रेमिका की पिटाई के बाद दोनों प्रेमी क्रमशः रंजीत राय एवं सुमन कुमार मृतक को खिला-पिलाकर वरूणेश्वर वितरणी नहर पर ले गये.उसके बाद पत्नी गणिता देवी,रंजीत राय एवं सुमन कुमार तीनों ने मिलकर मृतक गजेन्द्र मंडल की हत्या कर शव को झाड़ी में छिपा दिया.
पत्नी ने पुलिस को किया गुमराह
पुलिस को गुमराह करने के लिए पिछले पांच मई को गणिता देवी ने जानकीनगर में लिखित आवेदन दिया था कि उसके पति घर से निकले हैं और वह घर नहीं पहुंचे हैं. मृतक की पत्नी गणिता देवी के लिखित आवेदन पर जानकीनगर थाने मामला दर्ज किया गया.
जांच में पुलिस को गणिता देवी पर हुआ शक
दिनांक 7 मई को शव बरामद किया गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही पत्नी पर शक की सूई बैठ गयी और धीरे-धीरे सारा भेद खुल गया. इस टीम में जानकीनगर थानाध्यक्ष परिक्षित पासवान, रूपेश्वरी ओपी प्रभारी कुमारी अनुष्का रानी, पुलिस अवर निरीक्षक अर्चना कुमारी प्र.पुलिस अवर निरीक्षक गजेन्द्र कुमार शामिल थे.
