मोहर्रम जुलूस में घुसा अनियंत्रित हाइवा, युवक की मौत, आक्रोशित भीड़ ने वाहन फूंका

पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर चौक पर मोहर्रम जुलूस के दौरान गुरुवार को एक अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच-231 जाम कर हाइवा में आग लगा दी. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक के परिजनों को तत्काल चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है.

केनगर (पूर्णिया) से शहजादा हसन की रिपोर्ट

Purniya News : केनगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर चौक स्थित एनएच-231 पर गुरुवार को मोहर्रम जुलूस के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा में आग लगा दी. घटना के कारण कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोकुलपुर चौक पर मोहर्रम के अवसर पर एक जत्था लाठी खेलने के लिए जा रहा था. इसी दौरान सरसी-बनमनखी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने जुलूस से आगे निकलने की कोशिश की. इसी क्रम में वाहन की चपेट में आने से उफरैल निवासी मोहम्मद सकीम के 26 वर्षीय पुत्र मोहम्मद आमिर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

गुस्साये लोगों ने हाइवा को किया आग के हवाले

घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वैन से उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद चालक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. आक्रोशित भीड़ ने शव को एनएच-231 पर रखकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. इसी दौरान लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

तीन घंटे के बाद खत्म हुआ जाम

सूचना मिलते ही केनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को बुलाया गया। सदर एसडीओ स्वेतम दीक्षित और सदर डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को अधिकारियों ने आश्वासन दिया. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ.

सदर डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि हाइवा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया है. उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनी हुई है. गोकुलपुर के मुखिया नीरज कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत तत्काल चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया है. शेष सहायता राशि भी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी.

ALSO READ : बिहार में सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी 40 एकड़ जमीन, जानिए सरकार का मेगा प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >