पूर्णिया. आगामी आठ मार्च को पूर्णिया का रंगभूमि मैदान एक खास आयोजन का गवाह बनेगा, जहां आध्यात्मिक गुरु गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर की उपस्थिति में भव्य महासत्संग होगा. इस मौके पर पूर्णियावासी योग के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान से भी जुड़ेंगे. महासत्संग में गुरुदेव का आध्यात्मिक प्रवचन होगा, जिसमें ध्यान सत्र का आयोजन भी शामिल होगा. इसके लिए पूर्णिया में तैयारियां तेज कर दी गयीं हैं. गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर अपने प्रवचन में जीवन जीने की कला, तनाव प्रबंधन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे. उनका ध्यान सत्र सभी प्रतिभागियों को मानसिक शांति और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करेगा, यह महासत्संग आध्यात्मिक ज्ञान से रूबरू तो करायेगा ही, यह बिहार के लोगों में सांस्कृतिक गर्व एवं प्रेरणा भी जागृत करेगा.
पहली बार लाखों लोग करेंगे योग-ध्यान
पूर्णिया. कथाशिल्पी फणीश्वरनाथ रेणु की धरती पर पहली बार लाखों की संख्या में जिलेवासी न केवल ध्यान करेंगे बल्कि यह पहला अवसर होगा जब आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर पूर्णिया की धरती पर महासत्संग करेंगे. महासतसंग को लेकर शहर के रंगभूमि मैदान में तैयारी अब आखिरी दौर में है. गुरुदेव के आगमन को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बैनर पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है. उक्त बातें आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्य और भाजपा नेता डॉक्टर अनिल कुमार गुप्ता ने कही. वे गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर के महासत्संग कार्यक्रम की जानकारी दे रहे थे. उन्होंने बताया कि यह पहली बार है कि गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर पूर्णिया की धरती पर महासत्संग करने आ रहे हैं.
16 वर्षों के बाद पूर्णिया आ रहे गुरुदेव
पूर्णिया. आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर 16 वर्षों के बाद पूर्णिया आ रहे हैं. डा. ए.के. गुप्ता ने बताया कि इससे पहले गुरुदेव 2008 में आई प्रलयंकारी बाढ़ के समय यहां आए हुए थे और उनके निर्देश पर संस्था ने बाढ़ में बढ़चढ़कर राहत और बचाव कार्य किया था. डॉक्टर गुप्ता ने कहा कि इसके अलावा और भी कई मौके पर गुरुदेव यहां से गुजरे लेकिन उनका कोई कार्यक्रम यहां नहीं हुआ. लेकिन इस बार शहरवासियों और जिलेवासियों की इच्छा को देखते हुए गुरुदेव ने महासत्संग कार्यक्रम पूर्णिया में हो रहा है. डॉ. गुप्ता ने जिलेवासियों से 8 मार्च की शाम 5:30 बजे भारी संख्या में रंगभूमि मैदान में पहुंचकर ज्ञान,ध्यान और भजन संध्या का आनंद लेने की अपील की है.
181 देशों में होगा सीधा प्रसारण : डॉ एके गुप्ता
पूर्णिया. गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर के महासत्संग कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि 8 मार्च को पूर्णिया में होने वाला कार्यक्रम खास इसलिए भी होगा, क्योंकि इसका सीधा प्रसारण विश्व के 181 देशों में होगा. उन्होंने बताया कि यूट्यूब और अन्य चैनलों के माध्यम से कार्यक्रम का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लाइव प्रसारण होगा. उन्होंने बताया कि इससे पहले पूर्णिया की धरती पर आयोजित किसी भी कार्यक्रम का प्रसारण विश्व के इतने देशों में एक साथ नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि यह शहर और जिले के इतिहास में गौरवशाली क्षणों में शामिल होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
