Purnia University: सीमांचल के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा से जुड़ी एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है. पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक (UG) प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को विस्तारित (Extend) कर दिया है. विवि के आधिकारिक मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने गुरुवार को इसकी विस्तृत जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि विभिन्न छात्र संगठनों की मांग और कई छात्र-छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए कुलपति के निर्देशानुसार आवेदन की तिथि को आगामी 7 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर से वंचित न रह सके.
आर्ट्स विषयों में सबसे ज्यादा क्रेज, 60 हजार से अधिक सीटों पर जंग
- सीटों का गणित: पूर्णिया विवि के क्षेत्राधिकार में आने वाले पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिले के कुल 63 डिग्री कॉलेजों को शामिल किया गया है. इन सभी कॉलेजों को मिलाकर कला (Arts), विज्ञान (Science) और वाणिज्य (Commerce) संकाय में 60 हजार से अधिक सीटों पर मेधा सूची (Merit List) के आधार पर दाखिला लिया जाना है.
- कला संकाय की भारी डिमांड: मीडिया पदाधिकारी के अनुसार, अब तक प्राप्त आवेदनों के ट्रेंड को देखा जाए तो छात्रों का सबसे सर्वाधिक रुझान और झुकाव कला संकाय (Arts Faculty) के कोर विषयों जैसे इतिहास, राजनीति विज्ञान, हिंदी और भूगोल की तरफ देखने को मिल रहा है.
घर के नजदीकी कॉलेजों को ही दें पहली प्राथमिकता: विवि मीडिया पदाधिकारी
विद्यार्थियों के लिए विशेष गाइडलाइन: प्रो. संतोष कुमार सिंह ने ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले छात्र-छात्राओं को एक महत्वपूर्ण तकनीकी सलाह दी है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जिस भी विषय (मेजर कोर्स) का चयन कर रहे हैं, उसमें अपने घर के सबसे निकटतम महाविद्यालयों (Colleges) को ही विकल्प सूची में शीर्ष प्राथमिकता (First Preference) पर दर्ज करें. इससे उन्हें प्रतिदिन कॉलेज आने-जाने और 75 फीसदी अनिवार्य बायोमेट्रिक उपस्थिति को पूरा करने में काफी सहूलियत होगी.
सुचारू रूप से काम कर रहा है ऑफिशियल पोर्टल, सर्वर डाउन की समस्या खत्म
विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन के लिए बनाया गया आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रहा है. अंतिम दिनों में सर्वर पर लोड बढ़ने की संभावना को देखते हुए तकनीकी टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है. छात्रों को निर्देश दिया गया है कि वे आखिरी तारीख (7 जून) का इंतजार किए बिना समय रहते अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों, जाति प्रमाणपत्र और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ विवि की वेबसाइट पर जाकर सफलतापूर्वक अपना ऑनलाइन भुगतान सुनिश्चित कर लें. आवेदन प्रक्रिया बंद होने के ठीक बाद जून के दूसरे हफ्ते में प्रथम कंबाइंड मेरिट लिस्ट जारी होने की उम्मीद है.
