दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों एवं कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को पूर्णिया में आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और विभिन्न छात्र संगठनों के आह्वान पर पैदल मार्च निकाला गया. मार्च शुरू होने से पहले शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं जुटे.
प्रदर्शन में शामिल लोग हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार तथा दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकला मार्च
शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णिया पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. इंदिरा गांधी स्टेडियम से लेकर पैदल मार्च के निर्धारित मार्ग तक जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सदर डीएसपी स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे.
प्रदर्शनकारियों ने लगाए आरोप
प्रदर्शन में शामिल नेताओं का आरोप था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है. उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
फिलहाल पूर्णिया में पैदल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है.
