अपनी बाइक पर सवार होकर सब्जी लाने के लिए हरदा जा रहा था. जैसे ही वह मरंगा सत्संग मंदिर के समीप पहुंचा, हादसे की भेंट चढ़ गया
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट:
पूर्णिया: जिले के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल्की सत्संग मंदिर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित स्कार्पियो और उसके बाद हाइवा ट्रक की चपेट में बाइक सवार आ गया.
मृतक की पहचान मरंगा मुर्गी फार्म निवासी 45 वर्षीय पप्पू साह के रूप में की गई है, जो पेशे से ड्राइवर थे और किराए की गाड़ी चलाते थे. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम वह बाइक से हरदा सब्जी लेने जा रहे थे. जैसे ही वह मरंगा सत्संग मंदिर के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए.
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद उनके भाई त्रिपुरारी साह और भतीजे विशाल ने उन्हें तत्काल पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है.
