पूर्णिया में नशे और झपटमारी के खिलाफ क्यूआरटी का अभियान, कई आरोपित गिरफ्तार

पूर्णिया पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) ने नशे के कारोबार और झपटमारी के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 11 किलो से अधिक गांजा, शराब और कोडीन सिरप बरामद किया है, साथ ही कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पूर्णिया : झपटमारों और नशे के कारोबार के खिलाफ पूर्णिया पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) लगातार कार्रवाई कर रही है. एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन की ओर से गठित टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए झपटमारी, शराब, कोडीन सिरप और गांजा बरामदगी के मामलों में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, इन कार्रवाइयों में एक मोबाइल झपटमारी मामले का खुलासा करने के साथ 3.75 लीटर अंग्रेजी शराब, 30 बोतल कोडीन सिरप और 11.115 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है.

सीसीटीवी फुटेज से झपटमारी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:40 बजे मो. शाकिर हुसैन, निवासी मूसापुर, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, मोटरसाइकिल से पूर्णिया की ओर जा रहे थे. मरंगा टोल प्लाजा के पास पीछे से आए दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी जेब से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गये.

इस मामले में 6 अगस्त को मरंगा थाना में केस दर्ज किया गया. अनुसंधान के दौरान पुअनि शैलेश कुमार सिंह ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली. फुटेज में दिख रही मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर थाना ग्रुप में साझा किया गया.

पुलिस के अनुसार, उसी दिन गुप्त सूचना पर क्यूआरटी ने बियाडा गेट-1 के पास एक चाय दुकान से अंकित कुमार चौधरी, निवासी उफरैल, पूर्णिया को बीआर-11एजेड-7726 नंबर की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपित भानु कुमार सिंह, निवासी बलिया, भवानीपुर, पूर्णिया को भी गिरफ्तार किया. दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

कार से 3.75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

17 अगस्त को मधुबनी थाना क्षेत्र के मंझली चौक पर गुप्त सूचना के आधार पर क्यूआरटी ने पुअनि प्रीतम पांडेय के साथ मिलकर एक चार पहिया वाहन की तलाशी ली.

पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या WB20U6816 से 3.75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई. मामले में कार और शराब जब्त करते हुए वाहन सवार नीरज कुमार (22) और आनंद कुमार (24), दोनों निवासी दमगाड़ा, धमदाहा, पूर्णिया, को गिरफ्तार किया गया. दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

30 बोतल कोडीन सिरप के साथ आरोपित गिरफ्तार

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 3 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने क्यूआरटी के सहयोग से सतडोभ गांव में कार्रवाई की.

पुलिस के अनुसार, पुअनि नितीन कुमार की टीम ने मो. वाहिद (42), निवासी पुरानी मझैली, पूर्णिया को 100 एमएल की 30 बोतल कोडीन सिरप के साथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

बस की तलाशी में 11 किलो से अधिक गांजा बरामद

9 सितंबर 2026 को के.हाट थाना क्षेत्र के गिरजा चौक पर गठित टीम ने एक बस की तलाशी ली. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान बबलू सोरेन (40), निवासी पचिरा आदिवासी टोला, रानीगंज, अररिया के पास से 11.115 किलोग्राम गांजा और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया.

इस मामले में के.हाट थाना में केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी

पूर्णिया पुलिस की ओर से की गयी इन अलग-अलग कार्रवाइयों में झपटमारी से जुड़े आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ शराब, कोडीन सिरप और गांजा बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार और अपराध पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास वर्मा

विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >