महेंद्रपुर में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जेवर और 60 हजार नकद लेकर फरार हुए चोर

पूर्णिया जिले के महेंद्रपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा लिए. गृहस्वामी के काम पर जाने के बाद हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Purnia Theft News: पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्णिया पूर्व के महेंद्रपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और अन्य सामान की चोरी कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान में जुटी है.

काम पर गए थे गृहस्वामी, लौटे तो बिखरा मिला सामान

पीड़ित गृहस्वामी अमनदीप कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे हुंडई शोरूम, दमका गुलाबबाग स्थित अपने कार्यस्थल के लिए निकले थे. घर से निकलने से पहले उन्होंने सभी दरवाजों पर ताला लगाया था. रात करीब 8:30 बजे लौटने पर मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी सामान बिखरा पड़ा था.

गोदरेज और बक्से तोड़कर उड़ाए जेवरात व नकदी

अमनदीप कुमार के अनुसार चोरों ने गोदरेज, ट्रंक, बक्सा और शोकेस को तोड़कर उसमें रखे सामान की तलाशी ली. गोदरेज में रखी सोने की अंगूठी, कान और नाक की सोने की बाली, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चांदी की चेन समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और लगभग 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए.

पिता पंजाब में, घर में अकेले रह रहे थे गृहस्वामी

पीड़ित ने बताया कि वह अपने पिता के साथ घर में रहते हैं. हालांकि उनके पिता पिछले महीने अपनी बेटी के पास पठानकोट (पंजाब) गए हुए हैं, जिसके कारण वह इन दिनों घर में अकेले रह रहे थे. इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया.

पुलिस जांच में जुटी

Purnia Theft News: घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raj kr choudhary

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >