पूर्णिया : आम लोगों की स्थानीय समस्याओं का आसान और त्वरित समाधान कराने के लिए पूर्णिया जिले में 1 सितंबर 2026 को ‘नगर सहयोग शिविर’ लगाया जाएगा. बिहार सरकार के निर्देश पर नगर निगम समेत जिले के 10 नगर निकायों के चयनित वार्डों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में लोगों की शिकायतें और आवेदन लिये जाएंगे. प्रशासन का जोर सिर्फ आवेदन लेने पर नहीं, बल्कि संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन पर रहेगा.
जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने शिविर की तैयारियों को लेकर संबंधित वरीय अधिकारियों और नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए.
कल कहां और किस वार्ड में लगेगा शिविर?
नगर निगम पूर्णिया: वार्ड 13, 14, 16, 17, 18 — पशुपालन कार्यालय, पूर्णिया
नगर परिषद कसबा: वार्ड 12, 13, 14, 15, 16 — नगर परिषद कार्यालय परिसर
नगर परिषद बनमनखी: वार्ड 21, 22, 23, 24, 25 — आदर्श मध्य विद्यालय, धोकरधरा
नगर पंचायत जानकीनगर: वार्ड 10, 11, 12 — ठाकुर मध्य विद्यालय, खूंट
नगर पंचायत चंपानगर: वार्ड 1, 2, 3 — हाई स्कूल, प्राणपट्टी
नगर पंचायत धमदाहा: वार्ड 5, 6, 14, 16 — सामुदायिक भवन, वार्ड नंबर 15
नगर पंचायत मीरगंज: वार्ड 5, 16, 17 — आंगनबाड़ी केंद्र के पास, वार्ड नंबर 17
नगर पंचायत बायसी: वार्ड 1 — मध्य विद्यालय, बरेली
नगर पंचायत अमौर: वार्ड 1, 2 — मध्य विद्यालय, सिरोटोल अमौर
नगर पंचायत भवानीपुर: वार्ड 11, 12, 15, 16 — कबीर आश्रम के समीप
आवेदन देकर करा सकेंगे समस्या का समाधान
जिला प्रशासन ने संबंधित वार्डों के निवासियों से अपील की है कि वे 1 सितंबर को निर्धारित शिविर स्थल पर पहुंचकर अपनी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए आवेदन दें. प्रशासन के अनुसार आवेदन जमा करने की प्रक्रिया पहले से शुरू कर दी गयी है, ताकि शिविर के दिन मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके.
शिविरों की निगरानी और बेहतर संचालन के लिए नगर निकायवार नोडल अधिकारी और वरीय नोडल अधिकारी भी प्रतिनियुक्त किये गये हैं.
प्रशासन की अपील, अधिक से अधिक लोग पहुंचें
प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस जनसुविधा का लाभ उठाने की अपील की है. उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना है.
यह भी पढ़ें: कानून पढ़ने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर, पूर्णिया BMT लॉ कॉलेज को मिली 240 सीटों पर एडमिशन की मंजूरी
