पूर्णिया मंडी में मक्का की बिकवाली मजबूत, लेकिन दाम में नहीं दिखा दम, चावल-गेहूं का बाजार सुस्त

Purnia Mandi : 600 गाड़ियों की आवक के बावजूद मक्का में सीमित तेजी, ब्रांडेड चावल की मांग कमजोर, कारोबारियों की बढ़ी चिंता

Purnia Mandi : बिहार की सबसे बड़ी कृषि मंडियों में शामिल गुलाबबाग मंडी में शनिवार को मक्का का कारोबार सामान्य रहा. मंडी में मक्का की अच्छी आवक और मजबूत बिकवाली देखने को मिली, लेकिन कीमतों में अपेक्षित तेजी नहीं आ सकी. मौसम की मार के कारण सुपर क्वालिटी का मक्का बाजार में नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे दाम सीमित दायरे में ही बने हुए हैं. दूसरी ओर गेहूं और चावल के बाजार में सुस्ती का माहौल देखने को मिला.

600 गाड़ियों की आवक, फिर भी मक्का के दाम स्थिर

गुलाबबाग मंडी में शनिवार को करीब 600 गाड़ियों में मक्का की आवक हुई. कारोबारियों के अनुसार बारिश और नमी के कारण किसानों का मक्का अपेक्षित गुणवत्ता का नहीं है. इसी वजह से खरीदार ऊंचे भाव देने से बच रहे हैं.

मंडी में मक्का का अधिकतम भाव 2080 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा, जबकि निचली गुणवत्ता वाले मक्का का भाव 1870 रुपये प्रति क्विंटल पर सिमट गया. कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में मांग बनी हुई है, लेकिन गुणवत्ता कमजोर होने के कारण कीमतों में बड़ी तेजी की संभावना नहीं दिख रही.

ब्रांडेड चावल में तेजी, लेकिन खरीदार कम

मंडी में लोकल चावल के भाव स्थिर बने हुए हैं. हालांकि ब्रांडेड चावल की कुछ किस्मों में हल्की तेजी दर्ज की गई है. इसके बावजूद बाजार में खरीदारों की सक्रियता कम रहने से बिकवाली प्रभावित हुई है.

व्यापारियों के अनुसार मांग कमजोर रहने के कारण चावल कारोबारियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. गेहूं का बाजार भी सामान्य बना हुआ है और कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया.

दलहन और तिलहन बाजार में स्थिरता

मसूर, मूंग, अरहर और चना दाल के बाजार में कारोबार सामान्य रहा. वहीं सरसों और खाद्य तेलों के दाम भी स्थिर बने हुए हैं. मंडी विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का असर बाजार पर बना रह सकता है.

गुलाबबाग मंडी का प्रमुख बाजार भाव (प्रति क्विंटल)

मक्का 1870 से 2080 रुपये, गेहूं 2470 से 2650 रुपये, मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये, अरवा मोटा चावल 3050 से 3200 रुपये और बासमती चावल 12500 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

दाल अरहर 10600 से 14500 रुपये, दाल मूंग 9540 से 9600 रुपये और सरसों पीला 7300 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार करती रही.

Also Read: बोधगया भ्रमण के बाद वापस लौटे म्यांमार के राष्ट्रपति, विशेष विमान से दिल्ली के लिए हुए रवाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >