जिन्होंने पहले अप्लाई नहीं किया, उन्हें भी मौका! पूर्णिया यूनिवर्सिटी स्नातक स्पॉट राउंड को लेकर बड़ी खबर

पूर्णिया विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-2030 के लिए खाली सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्पॉट राउंड के माध्यम से, जिन्होंने पहले आवेदन नहीं किया था, उन्हें भी मौका मिलेगा. पूरी जानकारी प्राप्त करें.

पूर्णिया. पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के सत्र 2026-2030 की रिक्त सीटों पर अब स्पॉट राउंड के माध्यम से नामांकन होगा. पूर्व में प्रकाशित मेधा सूचियों के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बची सीटों के विरुद्ध अंतिम राउंड में नामांकन कराया जाएगा. विश्वविद्यालय के मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि स्पॉट राउंड में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 31 अगस्त 2026 से 2 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गयी है.

स्पॉट राउंड में तीन श्रेणी के अभ्यर्थी होंगे दावेदार

स्पॉट राउंड में नामांकन के लिए तीन श्रेणी के अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया है.

पहली श्रेणी में ऐसे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन किसी भी मेधा सूची में उनका चयन नहीं हुआ. दूसरी श्रेणी में वे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था और मेधा सूची में चयनित भी हुए, लेकिन किसी कारण से नामांकन नहीं लिया. तीसरी श्रेणी में ऐसे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने सत्र 2026-2030 में नामांकन के लिए पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में भाग ही नहीं लिया था.

रिक्त सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन जरूरी

स्पॉट राउंड में नामांकन के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों के विरुद्ध ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित रिक्त सीटों के लिए अभ्यर्थियों का चयन मेधा के आधार पर किया जाएगा.

विश्वविद्यालय की ओर से विषयवार और महाविद्यालयवार मेधा सूची तैयार की जाएगी.

सभी रिक्त सीटों पर यूआर श्रेणी के तहत होगा नामांकन

स्पॉट राउंड में उपलब्ध सभी रिक्त सीटों पर चयन एवं नामांकन अनारक्षित श्रेणी यानी यूआर श्रेणी के अंतर्गत किया जाएगा. श्रेणी-1 और श्रेणी-2 के अभ्यर्थियों को अपने पहले से पंजीकृत ई-मेल आईडी के माध्यम से दोबारा लॉगिन कर आवेदन पत्र अपडेट करना होगा. इन दोनों श्रेणियों के अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र अपडेट करने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा.

एक विषय और एक कॉलेज का ही कर सकेंगे चयन

श्रेणी-1 एवं श्रेणी-2 के अभ्यर्थी स्पॉट राउंड के लिए आवेदन करते समय सबसे पहले केवल एक कार्यक्रम अथवा विषय का चयन कर सकेंगे. चयनित विषय के लिए उपलब्ध विकल्पों में से केवल एक महाविद्यालय का ही विकल्प चुनने की अनुमति होगी.

जिन्होंने पहले आवेदन नहीं किया, उन्हें भी मिलेगा मौका

श्रेणी-3 के ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने पूर्व में स्नातक नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है, वे भी स्पॉट राउंड में भाग ले सकेंगे. हालांकि, उन्हें नया ऑनलाइन आवेदन करना होगा और विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा.

चयन पूरी तरह मेधा के आधार पर होगा

ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद रिक्त सीटों के विरुद्ध विषयवार एवं महाविद्यालयवार मेधा सूची तैयार की जाएगी. अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह मेधा के आधार पर किया जाएगा. संबंधित महाविद्यालयों के पोर्टल पर केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र प्रदर्शित होंगे, जिनका चयन संबंधित कार्यक्रम, विषय एवं महाविद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों के विरुद्ध मेधा के आधार पर किया गया होगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक भास्कर

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >