मौत का स्कूल, पूर्णिया के रंगरैया लालटोली में भरभराकर गिरी जर्जर छत, मची अफ़रा-तफ़री

पूर्णिया जिले के रंगरैया लालटोली के उत्क्रमित उच्च विद्यालय में जर्जर भवन की छत गिरने से हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि घटना के समय बच्चे स्कूल में मौजूद नहीं थे. स्थानीय लोग भवन को ध्वस्त करने की मांग कर रहे हैं.

School Incident: पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय रंगरैया लालटोली में जर्जर भवन की छत गिरने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ छत का बड़ा हिस्सा नीचे गिर पड़ा. घटना के समय वहां छात्र नहीं होने से सभी बच्चे सुरक्षित बच गये.

छत गिरने से मची अफरा-तफरी

विद्यालय परिसर में स्थित जर्जर भवन की छत अचानक गिरने के बाद शिक्षक और छात्र घबरा गए. मलबा गिरने से परिसर में खड़ी कुछ साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय छात्र वहां मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था.

बीईओ ने किया स्थल निरीक्षण

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) संजय राम ने बताया कि घटना की सूचना दिन में लगभग 11 से 12 बजे के बीच मिली. सूचना मिलते ही उन्होंने विद्यालय पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

जर्जर भवन हटाने की उठी मांग

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सज्जाद आलम मौके पर पहुंचे और विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि यह भवन लंबे समय से जर्जर है और बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है. उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से जर्जर भवन को तत्काल ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण कराने की मांग की.

ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी

School Incident: घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई. ग्रामीण मोजीब, आसिफ तथा अभिभावक जहांगीर, संजर और संजूर ने कहा कि जब तक जर्जर भवन को हटाकर नया भवन नहीं बनाया जाता, तब तक बच्चों की सुरक्षा खतरे में बनी रहेगी. उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sunil Kumar

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >