जिले के 19 उच्च विद्यालय बने 'आदर्श सरस्वती विद्या निकेतन', मुख्यमंत्री ने किया डिजिटल उद्घाटन

पूर्णिया जिले में 19 उच्च विद्यालयों को 'आदर्श सरस्वती विद्या निकेतन' के रूप में विकसित करने की योजना शुरू हुई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका वर्चुअल उद्घाटन किया. यह पहल जिले में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के नए युग की शुरुआत का प्रतीक है.

Model School: पूर्णिया जिले में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से 19 उच्च विद्यालयों को 'आदर्श सरस्वती विद्या निकेतन' के रूप में विकसित करने की योजना शुरू की गई है. जिला स्कूल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया. कार्यक्रम में महापौर विभा कुमारी, सांसद प्रतिनिधि राजेश यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार प्रकाश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

जिला स्कूल बना नई पहचान का केंद्र

मुख्य समारोह का आयोजन जिला स्कूल परिसर में किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. महापौर विभा कुमारी ने कहा कि यह केवल एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के नए युग की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि जिला स्कूल अब सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा.

शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाओं पर जोर

जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार प्रकाश ने बताया कि चयनित सभी 19 विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में व्यापक सुधार किया जाएगा. विज्ञान प्रयोगशालाओं को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा, परिसर की स्वच्छता और आधारभूत संरचना को बेहतर बनाया जाएगा तथा विद्यार्थियों के लिए एक समान यूनिफॉर्म व्यवस्था लागू की जाएगी.

पूर्णिया विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है

सांसद प्रतिनिधि राजेश यादव ने कहा कि पूर्णिया शिक्षा, सड़क, रेल और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं के माध्यम से विकास के नए चरण में पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि आदर्श विद्यालय योजना आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराएगी.

एनसीसी कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

Model School: कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट सार्जेंट अंकित कुमार, एनसीसी ऑफिसर पवन कुमार विश्वास और उनकी टीम ने महापौर विभा कुमारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया. समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा गया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >