पूर्णिया.भारत के गौरवशाली इतिहास के अमर योद्धा सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती के अवसर पर बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक संघ के सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता लोजपा के वरिष्ठ नेता माधव सिंह ने की.इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. अपने अध्यक्षीय संबोधन में माधव सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति, राष्ट्र गौरव एवं वीर परंपरा के संरक्षण के साथ-साथ युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से किए जाते हैं. समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के सचिव अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान केवल एक राजा नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, आत्मसम्मान और राष्ट्र रक्षा के महान प्रतीक थे. उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, मातृभूमि के प्रति समर्पण और आत्मगौरव की प्रेरणा देता है.बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक संघ पूर्णिया के वरिष्ठ सदस्य दिनकर स्नेही ने लोगों से राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.कार्यक्रम के सफल आयोजन में अमित कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह, दिनकर स्नेही, अवधेश सिंह, दीपक कुमार सिंह, लाल बहादुर सिंह एवं डॉ. मनोज सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
भारतीय अस्मिता व राष्ट्र रक्षा के प्रतीक थे सम्राट पृथ्वीराज चौहान
पूर्णिया
