अमौर. आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभुकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर अमौर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी कड़ी में शुक्रवार को भवानीपुर पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई.बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी राजा राम पंडित ने की. इस मौके पर उनके साथ प्रखंड कृषि पदाधिकारी विश्वनाथ चौधरी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.बैठक का मुख्य केंद्र आगामी सहयोग शिविर की रूपरेखा तैयार करना और पंचायत स्तर पर लंबित मामलों की पहचान करना था.वही बैठक के दौरान बीडीओ ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं जैसे राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और आवास योजना के लाभुकों को शिविर में ही समाधान उपलब्ध कराना है. कृषि पदाधिकारी विश्वनाथ चौधरी ने आगामी सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की. जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पात्र लाभुकों की सूची तैयार करें ताकि शिविर के दिन कोई भी वंचित न रहे.बीडीओ राजा राम पंडित ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के करीब ले जाना है.उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर के आयोजन की सूचना पंचायत के हर कोने तक पहुचाई जाये ताकि ग्रामीण अपनी शिकायतों और आवेदनों के साथ शिविर में उपस्थित हो सकें.मौके पर पंचायत मुखिया प्रतिनिधि अनवर आलम सहित अन्य मौजूद थे.
भवानीपुर पंचायत में सहयोग शिविर की तैयारी तेज, बीडीओ ने की समीक्षा बैठक
बीडीओ ने की समीक्षा बैठक
