पप्पू यादव को जमानत मिलने पर लोगों में हर्ष

पूर्णिया

पूर्णिया. 31 साल पुराने मामले में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को जमानत मिलने की खबर के बाद पूर्णिया समेत पूरे सीमांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला. समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने इसे सत्य और न्याय की जीत बताते हुए राहत की सांस ली. जगह-जगह लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और कहा कि अंततः न्यायालय ने सच्चाई को स्वीकार किया है. सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने कहा कि यह फैसला केवल पप्पू यादव के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार के उन लोगों के लिए है जो न्याय और इंसाफ में विश्वास रखते हैं. उन्होंने कहा, पप्पू यादव एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं. वे हमेशा गरीबों, शोषितों और वंचितों की आवाज बने हैं. आज माननीय न्यायालय के फैसले से यह साबित हो गया कि सत्य को कितनी भी देर तक दबाया जाए, लेकिन वह हारता नहीं है.राजेश यादव ने आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत 31 साल पुराने मामले को उछालकर सांसद पप्पू यादव को परेशान करने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि जब-जब पप्पू यादव ने गरीबों, बेटियों और पीड़ितों के लिए आवाज उठाई, तब-तब उन्हें झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया गया. बावजूद इसके, वे कभी डरे नहीं और न्यायपालिका पर उनका विश्वास हमेशा बना रहा. सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि पूर्णिया की जनता पप्पू यादव के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में सभी मामलों में सत्य सामने आएगा और सांसद पूरी तरह से निर्दोष साबित होंगे. पूर्णिया में जो आज खुशी है, वह इस बात का प्रमाण है कि जनता सच्चाई को समझती है और पप्पू यादव के संघर्ष को सलाम करती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >